हेडलाइन:
CCTV से खुलासा: उदाकिशुनगंज में शातिर साइकिल चोर गिरफ्तार, 6 साइकिल बरामद
खबर:
मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज मुख्य बाजार में बढ़ रही साइकिल चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की छह साइकिल बरामद की गई हैं।
मामला सामने आने के बाद पीड़ित के आवेदन पर पुलिस सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला। जांच के दौरान एक युवक को साइकिल चोरी कर भागते हुए देखा गया।
फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 स्थित रहटा गांव निवासी सुभानी शाह के पुत्र दिलवर शाह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। मौके से चोरी की छह साइकिल भी बरामद की गई।
साइकिल चोरी का आवेदन वार्ड संख्या 19 पकड़िया रघुनाथपुर गांव निवासी प्रभात कुमार ने दिया था। बरामद साइकिलों की पहचान के लिए पीड़ितों को बुलाया गया, जिसमें प्रभात कुमार समेत तीन अन्य लोगों ने अपनी-अपनी साइकिल पहचान ली।
पुलिस ने बताया कि दिलवर शाह एक शातिर चोर है, जो पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। कुछ दिन पहले उसने उप-चेयरमैन प्रतिनिधि का मोबाइल भी चोरी किया था, जबकि मुहर्रम मेले के दौरान एक महिला से मोबाइल छीनकर फरार हो गया था। हालांकि, पहले उसके खिलाफ ठोस सबूत नहीं मिल पाए थे।
फिलहाल पुलिस ने दिलवर शाह और उसके पिता सुभानी शाह के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य पीड़ितों को भी सूचना देकर बरामद साइकिल वापस दिलाने की प्रक्रिया में जुटी है।