हेडलाइन:
मधेपुरा में 100 ग्राम स्मैक के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, दो बाइक जब्त
खबर:
मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 100.86 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि बुधवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुमारखंड की ओर से कुछ तस्कर स्मैक लेकर शंकरपुर क्षेत्र में खपाने के लिए आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कुमारखंड-शंकरपुर रोड पर टेंगराहा के समीप वाहन जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से स्मैक बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकरपुर थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी नीतीश कुमार, मचहा निवासी रूपेश कुमार, भतनी थाना क्षेत्र के बरहकुरवा निवासी विकास कुमार और अमरदेव यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद स्मैक और दोनों बाइक को जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।