दरभंगा: बकरी चोरी केस में समझौते का दबाव और पैसे मांगने का आरोप, सिपाही जफर इकबाल निलंबित
दरभंगा के सिमरी थाना में तैनात पुलिसकर्मी PTC-1454 जफर इकबाल को गंभीर आरोपों के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष अरविंद कुमार की रिपोर्ट पर वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी द्वारा की गई।
सिमरी थाना कांड संख्या-285/25 की जांच के दौरान जफर इकबाल पर वादी रामभजन सहनी को आरोपी से समझौता करने के लिए दबाव बनाने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और बार-बार पैसों की मांग करने का आरोप लगा है। मामले में उपलब्ध ऑडियो क्लिप और अन्य साक्ष्यों से आरोपों की पुष्टि होने की बात कही गई है। पूछताछ के दौरान भी संबंधित पुलिसकर्मी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस विभाग ने इस कृत्य को अपनी छवि को धूमिल करने वाला मानते हुए कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान जफर इकबाल का मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है और उन्हें जीवन-यापन भत्ता दिया जाएगा।
गौरतलब है कि यह मामला बनौली गांव स्थित एक बकरी फार्म से 25 बकरियों की चोरी से जुड़ा है। पीड़ित रामभजन सहनी ने 24 सितंबर 2025 को घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। CCTV फुटेज में बोलेरो पिकअप वाहन से बकरियों को ले जाते हुए देखा गया, जिससे तस्करी की आशंका जताई गई थी। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिसकर्मी पर यह गंभीर आरोप सामने आए।