मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (Mahila Rojgar Yojana) के तहत लाभुक महिलाओं को दूसरी किस्त के रूप में 20 हजार रुपये अप्रैल के अंत तक देने की तैयारी तेज हो गई है।
इसके लिए मुजफ्फरपुर समेत राज्यभर में लाभार्थियों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है। इस योजना के तहत 20-40 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, पहले चरण में चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया था और अब उन्हें आर्थिक सहायता की दूसरी किस्त प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।
ट्रेनिंग के साथ बढ़ा आत्मविश्वास
योजना के तहत महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए गए हैं। सिलाई, ब्यूटी पार्लर, राशन व किराना दुकान जैसे छोटे व्यवसायों के लिए महिलाओं को तैयार किया जा रहा है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
करोड़ों महिलाओं को मिलेगा लाभ
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बड़ी संख्या में महिलाओं को इस योजना से जोड़ा जा रहा है। पहले चरण में लाभुकों को राशि दी जा चुकी है, जबकि अब दूसरी किस्त के भुगतान की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना से लाभान्वित किया जाए।
अप्रैल तक भुगतान का लक्ष्य
अधिकारियों के अनुसार, लाभुकों की पहचान पूरी होते ही अप्रैल के अंत तक उनके बैंक खातों में 20 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेज दी जाएगी। इसके लिए जिलों में तेजी से काम किया जा रहा है।
यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।