हेडलाइन:
सहरसा में अपहरण का खुलासा: युवक सकुशल बरामद, दो सहयोगी गिरफ्तार, मुख्य आरोपित फरार
पूरी खबर:
सहरसा जिले के कहरा प्रखंड अंतर्गत बिहरा थाना क्षेत्र के सिहौल पंचायत के चकला निवासी 30 वर्षीय बेनी साह के अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में अपहरण में सहयोग करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना के मुख्य दो आरोपित फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम बनगांव थाना क्षेत्र के बसुदेवा गांव के कुछ लोगों द्वारा बेनी साह के अपहरण कर बंधक बनाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बनगांव थाना पुलिस और बिहरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शनिवार की रात ही बसुदेवा और मुरलीबसंतपुर के बीच स्थित एक बगीचे से बेनी साह को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित बेनी साह करीब एक वर्ष पूर्व बसुदेवा गांव निवासी सुमन कुमार और अमर दास के साथ छत्तीसगढ़ में प्राइवेट काम करता था। काम के दौरान तीनों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद बेनी साह अपने घर चकला लौट आया। कुछ समय बाद सुमन कुमार और अमर दास भी अपने गांव बसुदेवा आ गए और बेनी साह पर हिसाब कर पैसा लौटाने का दबाव बनाने लगे।
बताया जा रहा है कि पैसे के पुराने लेनदेन का आपसी हिसाब नहीं हो पाने के कारण शनिवार को सुमन कुमार और अमर दास ने बेनी साह को उसके ही क्षेत्र के दुखा चौक पर बुलाया। वहां से उसे अगवा कर बंधक बनाते हुए अपने गांव की ओर ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर बेनी साह की मां शांति देवी को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही बिहरा थाना पुलिस हरकत में आई और बनगांव थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी कर बेनी साह को बरामद किया गया।
पुलिस ने अपहरण में सहयोग करने के आरोप में बसुदेवा निवासी विक्रम कुमार और टिंकू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में बनगांव थानाध्यक्ष हरिश्चंद्र ठाकुर ने बताया कि घटना में शामिल मुख्य आरोपित सुमन कुमार और अमर दास की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।