Kosi Live-कोशी लाइव एक अप्रैल 2019 से पहले की गाड़ियों के लिए चेतावनी, तुरंत लगवाएं HSRP प्लेट, होगी सीधी कार्रवाई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, March 11, 2026

एक अप्रैल 2019 से पहले की गाड़ियों के लिए चेतावनी, तुरंत लगवाएं HSRP प्लेट, होगी सीधी कार्रवाई

बिहार में नंबर प्लेट छुपाकर या उसमें छेड़छाड़ करके गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ अब सख्ती शुरू हो गई है. परिवहन विभाग ने ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई तेज कर दी है.जनवरी से अब तक पूरे राज्य में 1200 से ज्यादा गाड़ियों पर जुर्माना लगाया जा चुका है. सबसे ज्यादा मामले पटना में सामने आए हैं. यहां अब तक 411 गाड़ियां पकड़ी जा चुकी हैं.

परिवहन विभाग ने सभी जिलों को निर्देश भेजा है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाली गाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. अगर ऐसी गाड़ी पकड़ी जाती है तो पहले उसे जब्त किया जाएगा, उसके बाद नियम के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी.

फायदा उठा रहे अपराधी

विभाग का मानना है कि कई आपराधिक मामलों में जिन गाड़ियों का इस्तेमाल होता है, उनमें हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगा होता है. पुरानी नंबर प्लेट वाली गाड़ियां जब किसी चेकपोस्ट या सड़क पर लगे कैमरे से गुजरती हैं तो उनका नंबर साफ तरीके से पढ़ा नहीं जा पाता. इसी कमजोरी का फायदा कई अपराधी उठा रहे हैं.

कई मामलों में यह भी देखा गया है कि लोग नंबर प्लेट के एक-दो अंक पर टेप, कागज या कोई स्टिकर चिपका देते हैं, ताकि असली नंबर पहचान में न आए. कुछ गाड़ियों पर अब भी हाथ से लिखा हुआ नंबर प्लेट लगाया हुआ है. यह नियम के खिलाफ है.

पूरे राज्य में चल रहा जांच अभियान

जिन गाड़ियों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगा हुआ है, उनमें भी कुछ लोग नंबर के ऊपर स्टिकर या अन्य चीजें चिपका देते हैं. इससे नंबर साफ दिखाई नहीं देता. परिवहन विभाग के अनुसार बिहार में अभी भी 20 लाख से ज्यादा पुरानी गाड़ियां ऐसी हैं, जिनमें हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगा है.

विभाग के नियम के मुताबिक 1 अप्रैल 2019 से पहले की सभी गाड़ियों में यह नंबर प्लेट लगाना जरूरी है. इसके अलावा करीब 39 हजार ऐसे वाहन मालिक भी हैं, जिन्होंने नंबर प्लेट बनवा तो लिया है, लेकिन अब तक उसे गाड़ी पर नहीं लगाया है. इसलिए विभाग अब पूरे राज्य में जांच अभियान चला रहा है.