सुपौल। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई की है। जवानों ने सीमा क्षेत्र में छापेमारी और तलाशी अभियान के दौरान 253 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 1 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गए और किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
गश्ती के दौरान संदिग्ध बोरियों पर पड़ी जवानों की नजर
जानकारी के अनुसार, 45वीं वाहिनी मुख्यालय और सीमा चौकी (BOP) शैलेशपुर की संयुक्त नाका पार्टी नियमित गश्त पर निकली थी। जवान मगरमच्छ पुल से सीमा स्तंभ संख्या 205 होते हुए वीरपुर की दिशा में आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुल के दूसरी ओर लालपुर गांव के पास कुछ संदिग्ध प्लास्टिक की बोरियां दिखाई दीं।
जवानों को बोरियों से गांजे जैसी गंध महसूस हुई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान कुल आठ प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। जांच करने पर सभी बोरियों में गांजा मिला, जिसका कुल वजन 253 किलोग्राम पाया गया।
ड्रोन की मदद से तस्करों की तलाश
घटना की सूचना उप कमांडेंट हरजीत राव और सहायक कमांडेंट राहुल कुमार को दी गई। सूचना मिलते ही सहायक कमांडेंट राहुल कुमार ड्रग डिटेक्शन किट और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे।
तस्करों का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद से घटनास्थल और आसपास के इलाकों की निगरानी की गई। सुरक्षा बलों ने काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तस्करों का कोई सुराग नहीं मिला।
भीमनगर पुलिस को सौंपी गई गांजे की खेप
आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद SSB ने गांजे की सभी आठ बोरियों को जब्त कर लिया। इसके बाद बरामद 253 किलोग्राम गांजे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सुपौल जिले के भीमनगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
भारत-नेपाल सीमा पर SSB की निगरानी तेज
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने शनिवार शाम बताया कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए SSB लगातार सतर्कता बरत रही है। सीमा पर नियमित गश्ती, निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय गांजा तस्करों के नेटवर्क पर दबाव बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
Kosi Live की रिपोर्ट