किशनगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 12वीं वाहिनी के एक जवान की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान विक्रम सिंह (पिता सुभाष चंद्रा), निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। वह मोहामारी अंतर्गत सीमा चौकी कजला में तैनात थे। जवान की अचानक मौत से SSB अधिकारियों और जवानों में शोक की लहर है।
ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, शनिवार को ड्यूटी के दौरान विक्रम सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई। उनकी नाक और मुंह से खून निकलने लगा। स्थिति गंभीर होते देख सीमा चौकी पर मौजूद अन्य जवान उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिघलबैंक लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
ब्रेन हेमरेज की जताई गई आशंका
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिघलबैंक के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एनामुल हक ने बताया कि जवान को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत का संभावित कारण ब्रेन हेमरेज बताया जा रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम सलामी
पोस्टमार्टम के बाद दिवंगत जवान के पार्थिव शरीर को वाहिनी मुख्यालय किशनगंज ले जाया जाएगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी जाएगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचाया जाएगा। वहां से हवाई मार्ग के जरिए उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव राजस्थान भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
जवान विक्रम सिंह की असामयिक मृत्यु से SSB के अधिकारियों, साथी जवानों और परिजनों में शोक का माहौल है।
Kosi Live की रिपोर्ट