खगड़िया। छठ पूजा-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियों और विधि-व्यवस्था की समीक्षा के बीच खगड़िया पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। बिना वरीय अधिकारियों की अनुमति के थाना छोड़कर जाने के आरोप में परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार (पुलिस निरीक्षक) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खगड़िया की अनुशंसा पर पुलिस उप-महानिरीक्षक, बेगूसराय क्षेत्र द्वारा की गई है।
अगुवानी छठ घाट के निरीक्षण के दौरान सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, आगामी छठ पूजा को देखते हुए 13 नवंबर 2026 को खगड़िया एसपी ने परबत्ता क्षेत्र के अगुवानी छठ घाट का निरीक्षण एवं भ्रमण किया था। इसी दौरान पता चला कि परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार थाना से अनुपस्थित हैं।
जब इस संबंध में गोगरी एसडीपीओ से जानकारी ली गई तो बताया गया कि थानाध्यक्ष तीन दिनों की छुट्टी स्वीकृत होने की बात कहकर थाना से चले गए हैं।
एसपी स्तर से नहीं मिली थी छुट्टी की मंजूरी
जांच में सामने आया कि प्रमोद कुमार को पुलिस अधीक्षक खगड़िया के स्तर से किसी प्रकार की छुट्टी स्वीकृत नहीं की गई थी। इसके बावजूद उनके द्वारा छुट्टी स्वीकृत होने की बात बताकर थाना छोड़ना अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना गया।
छठ पर्व को लेकर सभी प्रकार के अवकाश पर रोक
पुलिस मुख्यालय की ओर से छठ पर्व-2026 के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर सभी प्रकार के अवकाश बंद किए गए हैं। ऐसे में बिना अनुमति थाना छोड़कर जाने के मामले को गंभीरता से लिया गया।
पुलिस अधीक्षक खगड़िया की अनुशंसा पर पुलिस उप-महानिरीक्षक, बेगूसराय क्षेत्र ने प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। छठ पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन की सख्ती साफ दिखाई दे रही है।
Kosi Live की रिपोर्ट