बेगूसराय। बिहार में शराबबंदी के बीच शराब तस्करों ने पुलिस और प्रशासन को चकमा देने का अनोखा तरीका अपनाया। तस्करों ने बखरी के भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) की सरकारी स्कॉर्पियो का इस्तेमाल कर झारखंड से विदेशी शराब की खेप बेगूसराय पहुंचाने की कोशिश की। गाड़ी पर DCLR बखरी और जिला प्रशासन का बोर्ड लगा था। साथ ही हूटर भी लगाया गया था, ताकि रास्ते में कोई वाहन की जांच करने की हिम्मत न करे। हालांकि, बेगूसराय पुलिस ने तस्करों की इस चाल को नाकाम कर दिया।
पुलिस ने लोहियानगर थाना क्षेत्र के पन्हास गांव के पास SH-55 पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 25 कार्टून में रखी 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गाड़ी खराब होने का बहाना बनाकर झारखंड गया चालक
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चालक आनंद कुमार बखरी DCLR की सरकारी स्कॉर्पियो चलाता था। बताया जा रहा है कि उसने दो दिन पहले कार्यालय में गाड़ी खराब होने और मरम्मत कराने की बात कहकर छुट्टी ली थी। इसके बाद वह सरकारी स्कॉर्पियो लेकर झारखंड चला गया और वहां से शराब की खेप लेकर लौट रहा था।
स्कॉर्पियो के आगे DCLR बखरी और पीछे जिला प्रशासन का बोर्ड लगा हुआ था। गाड़ी में हूटर भी लगा था। तस्करों को उम्मीद थी कि सरकारी वाहन की पहचान और हूटर देखकर रास्ते में पुलिस या अन्य अधिकारी गाड़ी की जांच नहीं करेंगे। इसी भरोसे वे कई जिलों को पार करते हुए बेगूसराय पहुंच गए।
DIU की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बेगूसराय डीआईयू की टीम को गुप्त सूचना मिली कि DCLR बखरी का बोर्ड लगी एक संदिग्ध स्कॉर्पियो झारखंड की ओर से शराब की बड़ी खेप लेकर आ रही है।
सूचना मिलते ही लोहियानगर थाना पुलिस ने SH-55 पर पन्हास गांव के पास घेराबंदी कर दी। रात में संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर चालक और उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई। जवाबों में संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें 25 कार्टून में रखी रॉयल दरबार गोल्ड ब्रांड की 216 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
चालक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
सदर-वन डीएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि डीआईयू से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को पकड़ा। वाहन से 216 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जिनेदपुर गांव निवासी आनंद कुमार, सिकंदरपुर रजौड़ा निवासी सत्यम कुमार और बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।
गांव में भी हूटर बजाकर दिखाता था रौब
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि चालक आनंद कुमार गांव में भी सरकारी स्कॉर्पियो का हूटर बजाकर रौब दिखाता था। वह सरकारी गाड़ी और प्रशासनिक बोर्ड के सहारे लोगों पर अपनी ऊंची पहुंच का प्रभाव जमाता था।
सरकारी वाहन का इस्तेमाल शराब तस्करी में किए जाने के खुलासे के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप झारखंड में कहां से लाई गई थी और बेगूसराय में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Kosi Live की रिपोर्ट