बिहार के पूर्णिया जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। छठ पूजा का सामान खरीदने बाजार जा रहा एक युवक रेलवे पटरी पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक के दोनों हाथ और एक पैर कट गए। गंभीर रूप से घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना पूर्णिया जंक्शन रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर खुश्कीबाग ओवरब्रिज के नीचे हुई।
घायल युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के लकड़ी पट्टी निवासी मनीष कुमार मंडल के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद रेल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने में जुटी हुई है।
छठ का सामान लेने घर से निकला था युवक
घटना के संबंध में घायल मनीष के भाई दीपक कुमार ने बताया कि शनिवार रात मनीष घर से छठ पूजा का सामान खरीदने के लिए बाजार जा रहा था। इसी दौरान वह खुश्कीबाग ओवरब्रिज के नीचे रेलवे पटरी पार करने लगा।
पटरी पार करते समय अचानक ट्रेन आ गई और मनीष उसकी चपेट में आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों हाथ और एक पैर कट गए। हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर रेलवे ट्रैक के पास गिर पड़ा।
रेल पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद रेल पुलिस की टीम सक्रिय हुई। पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया। अत्यधिक खून बहने और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसका उपचार कर रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही मनीष के परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां युवक की गंभीर हालत देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
अस्पताल में पुलिस भी घायल के परिजनों से घटना की जानकारी ले रही है। जिस परिवार में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां इस हादसे के बाद चिंता और दुख का माहौल है। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।