Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में BJP जिला उपाध्यक्ष के पति के घर मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, हार्डवेयर दुकान की आड़ में बना रहा था हथियार; गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 15, 2026

बिहार में BJP जिला उपाध्यक्ष के पति के घर मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, हार्डवेयर दुकान की आड़ में बना रहा था हथियार; गिरफ्तार

बिहार में BJP जिला उपाध्यक्ष के पति के घर मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, हार्डवेयर दुकान की आड़ में बना रहा था हथियार; गिरफ्तार
शेखपुरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुंगेर से जुड़े हथियार निर्माण के तार; गिरफ्तारी के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने दी सफाई

बिहार के शेखपुरा जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। शहर के बुधौली मोहल्ले में हार्डवेयर दुकान की आड़ में मिनी गन फैक्ट्री चलाई जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी कर कथित तौर पर हथियार बनाने वाले जितेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। मामला इसलिए भी चर्चा में आ गया है, क्योंकि गिरफ्तार जितेंद्र की पत्नी वंदना कुमारी भाजपा की जिला उपाध्यक्ष हैं।

शुक्रवार की देर शाम डीआईओ टीम और शेखपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए जितेंद्र विश्वकर्मा के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को हार्डवेयर दुकान की आड़ में अवैध हथियार बनाने के सबूत मिले। छापेमारी में एक अर्धनिर्मित पिस्तौल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले करीब 32 प्रकार की सामग्री के 80 पार्ट-पुर्जे बरामद किए गए।

तीन महीने पहले शुरू किया था हथियार बनाने का काम

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार जितेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि उसने करीब तीन महीने पहले हथियार बनाने का काम शुरू किया था। उसने अपने हाथों से तैयार एक पिस्तौल बिहारशरीफ के मनोज कुमार नामक व्यक्ति को बेचने की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस अब कथित खरीदार मनोज कुमार की तलाश और हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने हथियार बनाए गए और किन-किन लोगों को बेचे गए।

मुंगेर से जुड़े हथियार निर्माण के तार

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी का संबंध मुंगेर से भी सामने आया है। उसका ससुराल मुंगेर में है। पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि हथियार बनाने के लिए उसे तकनीकी जानकारी, कच्चा माल या अन्य किसी प्रकार का सहयोग कहां से मिल रहा था।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने दी सफाई

गिरफ्तार जितेंद्र विश्वकर्मा की पत्नी वंदना कुमारी भाजपा की जिला उपाध्यक्ष हैं। मामला सामने आने के बाद भाजपा की स्थानीय राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष रेशमा भारती ने स्पष्ट किया कि वंदना कुमारी पार्टी में जिला उपाध्यक्ष हैं, लेकिन उनके पति क्या गतिविधियां कर रहे थे, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। पार्टी ने जिलाध्यक्ष के बयान के जरिए आरोपी के कथित अवैध हथियार निर्माण के कारोबार से खुद को अलग कर लिया है।

पहले भी सामने आ चुका है मिनी गन फैक्ट्री का मामला

गौरतलब है कि बुधौली बाजार में कुछ वर्ष पहले भी पुलिस ने इसी तरह की मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया था। अब उसी इलाके में दोबारा अवैध हथियार निर्माण का मामला सामने आने से पुलिस की निगरानी और स्थानीय हथियार तस्करी नेटवर्क पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार जितेंद्र विश्वकर्मा से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि हथियार निर्माण और खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Kosi Live की रिपोर्ट