पश्चिम बंगाल के सूरजापुर से महानंदा नदी पार कर ला रहे थे शराब, पुलिस को देखकर भागने लगे दोनों आरोपी; मद्य निषेध अधिनियम के तहत भेजे गए जेल
पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। खाड़ी महीनगांव ओपी पुलिस ने छापेमारी कर दोनों के पास से विभिन्न ब्रांड की कुल 30.300 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुलालगंज निवासी मनोज यादव उर्फ हाटुरा और लखिया देवी के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
अमौर थानाध्यक्ष अमजद अली ने बताया कि खाड़ी महीनगांव ओपी के एसआई पंकज कुमार पुलिस बल के साथ संध्या गश्ती पर निकले थे। इस दौरान तेलंगा राम मंदिर के पास वाहन जांच की जा रही थी। तभी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक पुरुष और एक महिला पश्चिम बंगाल के सूरजापुर से विदेशी शराब लेकर महानंदा नदी पार कर दुलालगंज गांव पहुंचने वाले हैं।
सूचना के अनुसार, दोनों प्लास्टिक के झोले और बोरे में शराब लेकर आ रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस को देखकर भागने लगे दोनों आरोपी
पुलिस टीम दुलालगंज गांव के साह टोला तालाब के पास पहुंची। पुलिस की गाड़ी देखते ही दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल ने मौके पर ही मनोज यादव उर्फ हाटुरा को पकड़ लिया, जबकि लखिया देवी भागने में सफल रही। हालांकि, बाद में पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
मनोज के पास से 12.900 लीटर, बोरे से 17.400 लीटर शराब बरामद
तलाशी के दौरान मनोज यादव के पास से विभिन्न ब्रांड और साइज की 12.900 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं, भागने के दौरान लखिया देवी द्वारा फेंकी गई प्लास्टिक की बोरी से 17.400 लीटर विदेशी शराब मिली।
इस तरह पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 30.300 लीटर विदेशी शराब जब्त की।
मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज, दोनों जेल भेजे गए
इस मामले में खाड़ी महीनगांव ओपी के एसआई मो. इस्लाम के आवेदन पर मनोज यादव उर्फ हाटुरा और लखिया देवी के खिलाफ अमौर थाना कांड संख्या 513/26 दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
Kosi Live की रिपोर्ट