बिहार के बांका जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा से 710 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया है। यह कार्रवाई शनिवार शाम पंजवारा थाना क्षेत्र के चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस ने कफ सिरप से लदे ई-रिक्शा को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चालक झारखंड के गोड्डा जिले का रहने वाला है।
झारखंड की ओर से आ रहा था ई-रिक्शा
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार के निर्देश पर बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पंजवारा चेकपोस्ट पर पुलिस की टीम नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक ई-रिक्शा को पुलिस ने संदेह के आधार पर रुकवाया। जब पुलिस टीम ने ई-रिक्शा की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखी गई 710 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद हुई।
पुलिस को देखकर भागने लगा चालक
पुलिस को देखकर ई-रिक्शा चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले के मोतिया ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत मालडीह गांव निवासी गुलशन मांझी के रूप में हुई है। वह जमुना मांझी का पुत्र बताया गया है।
सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने ई-रिक्शा और उसमें लदी 710 बोतल कोरेक्स कफ सिरप को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित कफ सिरप कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी।
बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि जब्त कफ सिरप के मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाने में जुटी है।