सुपौल से पप्पू मेहता की रिपोर्ट
सुपौल। जिला मुख्यालय के लोहिया चौक रेलवे ढाला के दक्षिण दिशा में सोमवार को रेलवे पटरी के किनारे एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नवजात का शव एक कार्टन में रखा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्टन में रखे नवजात के शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं
रेलवे पटरी के किनारे कार्टन में नवजात का शव मिलने की घटना के बाद आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। हालांकि, नवजात का शव वहां किसने और किन परिस्थितियों में रखा था, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के साथ मामले की जांच में जुटी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।