Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 29 हजार रुपये रिश्वत लेते ASI चंदन झा गिरफ्तार, शराब केस से बचाने के लिए मांगे थे 50 हजार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, November 2, 2026

बिहार में 29 हजार रुपये रिश्वत लेते ASI चंदन झा गिरफ्तार, शराब केस से बचाने के लिए मांगे थे 50 हजार

बेगूसराय में 29 हजार रुपये रिश्वत लेते ASI चंदन झा गिरफ्तार, शराब केस से बचाने के लिए मांगे थे 50 हजार

बेगूसराय। जिले के साहेबपुरकमाल थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (ASI) चंदन झा को निगरानी विभाग की टीम ने सोमवार को 29 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उन्होंने शराब बरामदगी से जुड़े एक मामले में शिकायतकर्ता को केस से बचाने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने जांच की और जाल बिछाकर कार्रवाई की।

कार बेचने के बावजूद केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप

मामले में शिकायतकर्ता साहेबपुरकमाल गांव निवासी अमित कुमार ने निगरानी विभाग को बताया था कि उन्होंने अपनी हुंडई कार 13 अगस्त 2026 को किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी थी। इसके बावजूद 15 अक्टूबर की रात साहेबपुरकमाल गांव के गैस एजेंसी रोड से थाना की गश्ती टीम ने उस कार को जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार, कार से 154 पीस यानी कुल 77.72 लीटर ऑफिसर चॉइस ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई थी। इस बरामदगी के बाद 16 अक्टूबर को साहेबपुरकमाल थाना में कांड संख्या 279/26 दर्ज किया गया। मामले का अनुसंधान पदाधिकारी एएसआई चंदन झा को बनाया गया था।

अमित कुमार का आरोप था कि पूछताछ के दौरान उन्होंने कार बेचने से संबंधित सबूत भी प्रस्तुत किए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें केस से बचाने के नाम पर 50 हजार रुपये देने को कहा गया। रुपये नहीं देने पर केस में नाम शामिल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।

शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने बिछाया जाल

एएसआई के कथित रवैये से परेशान होकर अमित कुमार ने 26 अक्टूबर को निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद विभाग की टीम ने 29 अक्टूबर को शिकायत का सत्यापन किया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग ने कार्रवाई की योजना बनाई।

सोमवार को शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 29 हजार रुपये दिए गए। इसके बाद उन्हें साहेबपुरकमाल भेजा गया। प्रखंड मुख्यालय के मुख्य द्वार के पास रुपये लेने के लिए एएसआई चंदन झा को बुलाया गया। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने शिकायतकर्ता से रुपये लेकर अपनी जेब में रखे, पहले से मौजूद निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप

निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया है कि गिरफ्तार एएसआई चंदन झा नवगछिया थाना क्षेत्र के सिमरहा गांव के रहने वाले हैं।

फिलहाल निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।