बलिया में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बेकाबू कार, IIM के असिस्टेंट मैनेजर समेत चार दोस्तों की मौत
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। नगरा थाना क्षेत्र के नेछुआडीह के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में आईआईएम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत युवक, निजी शिक्षक समेत चार युवकों की जान चली गई। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे गोलू ठाकुर (21), कुणाल पासवान (24), धनंजय पटेल (26) और अभिषेक पटेल (27) कार से नगरा बाजार से लौट रहे थे। गोलू, कुणाल और धनंजय नगरा थाना क्षेत्र के गौआपार गांव के रहने वाले थे, जबकि अभिषेक बलिया के जमुआव गांव के निवासी थे।
चारों दोस्त नगरा-बेल्थरारोड मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान नेछुआडीह के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों को धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार का दरवाजा तोड़कर चारों युवकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नगरा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने अभिषेक पटेल और कुणाल पासवान को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मऊ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कार सवार चारों दोस्तों की मौत हो गई।
IIM में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे अभिषेक
हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक पटेल उत्तराखंड स्थित आईआईएम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनकी शादी महज छह महीने पहले हुई थी। उनकी असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
वहीं, कुणाल पासवान ने आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर ली थी और नौकरी पाने की तैयारी कर रहे थे। धनंजय पटेल निजी शिक्षक के रूप में काम करते थे और सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी में जुटे थे। जबकि गोलू ठाकुर पुलिस में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहते थे और इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे थे।
चारों युवकों के अपने-अपने सपने और भविष्य को लेकर कई योजनाएं थीं, लेकिन एक सड़क हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। एक साथ चार दोस्तों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में चीख-पुकार मच गई। गांवों में भी शोक का माहौल है। एक ही हादसे में चार युवाओं की जिंदगी खत्म होने से पूरे इलाके के लोग स्तब्ध हैं।