Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर वसूली करने वाला जालसाज गिरफ्तार, घर से 88,900 रुपये नकद और कई मोबाइल बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 15, 2026

पूर्णिया में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर वसूली करने वाला जालसाज गिरफ्तार, घर से 88,900 रुपये नकद और कई मोबाइल बरामद

पूर्णिया में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर वसूली करने वाला जालसाज गिरफ्तार, घर से 88,900 रुपये नकद और कई मोबाइल बरामद

पूर्णिया: जिले के अमौर थाना क्षेत्र में पुलिस का धौंस दिखाकर आम लोगों से अवैध वसूली करने वाले एक जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश करने के नाम पर लोगों को डराता-धमकाता था और उनसे पैसे वसूलता था। पुलिस ने आरोपी के पास और उसके आवास से 88,900 रुपये नकद, कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और मोबाइल से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमौर थाना क्षेत्र के हक्का घाट टोला निवासी मो. रब्बान रहमानी उर्फ मो. रब्बान के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

अमौर थानाध्यक्ष अमजद अली ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर मोबाइल फोन गुम या चोरी होने के मामलों में लोगों को झांसा देता है। वह पुलिस का डर दिखाकर आम लोगों से अवैध रूप से पैसे की वसूली कर रहा था।

सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह अपर पुलिस अधीक्षक बायसी जितेंद्र पांडे के पर्यवेक्षण में संयुक्त छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व अमौर अंचल पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार और थानाध्यक्ष अमजद अली ने किया।

गैस एजेंसी के पास से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने छापेमारी कर अमौर थाना क्षेत्र के छपरेली स्थित एचपी गैस एजेंसी के पास से मो. रब्बान रहमानी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर आवास और दुकान की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस को मोबाइल फोन से संबंधित कॉल विवरण, लोकेशन और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े कई अहम सुराग मिले। पुलिस अब इस मामले में उसके अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

88,900 रुपये नकद और कई मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए। वहीं, उसके आवास से 88,900 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, बंद अवस्था में एक आईफोन 6एस, मोबाइल फोन के नौ खाली डिब्बे और आईएमईआई नंबर से संबंधित सामग्री जब्त की गई है।

कई धाराओं में प्राथमिकी, आरोपी जेल भेजा गया

इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2), 318(4), 308(2), 308(3), 317(5), 317(4) एवं 3(5) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 72 और 72(A) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

छापेमारी दल में पुअनि नूपुर कुमारी, मो. सरफराज आलम, राजकिशोर राय, प्रपुअनि कुमकुम कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Kosi Live की रिपोर्ट