40 बोरियों में मोबाइल के स्क्रैप पार्ट्स बरामद, 272 सिम कार्ड और बाइक भी जब्त; क्लोन फोन बनाकर बेचने का खुलासा
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पुलिस ने चोरी और संदिग्ध मोबाइल फोन के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बक्शा थाना पुलिस ने शिवगुलामगंज बाजार में छापेमारी कर 939 मोबाइल फोन के साथ सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 40 बोरियों में रखे मोबाइल के स्क्रैप पार्ट्स, 272 सिम कार्ड, 24 हजार रुपये नकद और एक बाइक भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के मोबाइल दिल्ली ले जाकर बेचने की तैयारी में थे।
एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने शनिवार शाम 4:30 बजे प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवगुलामगंज बाजार में चोरी के मोबाइल फोन जमा किए जा रहे हैं। इसके बाद थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एक बोरी में मिले 939 मोबाइल फोन
पुलिस की छापेमारी के दौरान एक बोरी में अलग-अलग कंपनियों के कुल 939 मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें 805 की-पैड मोबाइल और 134 एंड्रॉयड स्मार्टफोन शामिल हैं। इसके अलावा 40 बोरियों में मोबाइल के मदरबोर्ड, डिस्प्ले, स्क्रीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स मिले।
पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल और अन्य सामान के संबंध में आरोपियों के पास कोई वैध बिल या दस्तावेज नहीं मिले हैं।
दो सगे भाई किराए के मकान में जमा करते थे चोरी के मोबाइल
गिरफ्तार आरोपियों में उमरपुर शिवगुलामगंज निवासी सगे भाई सौरभ गुप्ता और कामेश गुप्ता शामिल हैं। दोनों शिवगुलामगंज बाजार में किराए के मकान में रहते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों कम कीमत पर चोरी के मोबाइल खरीदकर अपने पास जमा करते थे। जब मोबाइल की संख्या अधिक हो जाती थी तो उन्हें किराए के मकान में रखा जाता था।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान संजय सिंह निवासी गोधेपुर, गजनेर, कानपुर देहात; अजय नायक निवासी परतापुर, दिवियापुर, औरैया; अखिलेश नायक निवासी रामनगर, ठठिया, कन्नौज; संजय सिंह निवासी आरामऊ, रूरा, कानपुर देहात और हसीम खान उर्फ वसीम निवासी आशियाना कॉलोनी, लोहियानगर, मेरठ के रूप में हुई है।
पुराने मोबाइल के पार्ट्स से तैयार करते थे क्लोन फोन
पूछताछ में पुलिस को मोबाइल के इस कारोबार का तरीका भी पता चला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुराने और खराब मोबाइल फोन से मदरबोर्ड, डिस्प्ले, कैमरा समेत अन्य उपयोगी पार्ट्स निकालते थे। इन पार्ट्स की मदद से कस्टमाइज्ड क्लोन फोन तैयार किए जाते थे।
इसके बाद हसीम खान उर्फ वसीम के माध्यम से इन मोबाइलों को दिल्ली में अलग-अलग लोगों को बेचने की तैयारी की जाती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
साइबर अपराध में इस्तेमाल की आशंका, तकनीकी जांच शुरू
पुलिस को बरामद मोबाइल फोन और 272 सिम कार्ड के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इनका इस्तेमाल साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी में भी किया जा सकता था।
पुलिस मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर, सिम कार्ड और पुराने मोबाइल में मौजूद डिजिटल डेटा की जांच करा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक भेजने या अन्य साइबर ठगी की घटनाओं में तो नहीं हुआ है।
फिलहाल सातों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस चोरी के मोबाइल की खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
Kosi Live की रिपोर्ट