Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीटा, इलाज के दौरान मौत; आरोपी मां गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 15, 2026

बिहार में छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीटा, इलाज के दौरान मौत; आरोपी मां गिरफ्तार

समस्तीपुर में छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीटा, इलाज के दौरान मौत; आरोपी मां गिरफ्तार

मासूम की मौत से परिवार में मचा कोहराम, पिता बोले- ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब मेरी बेटी ही नहीं रही

बिहार के समस्तीपुर जिले में छठ पूजा की तैयारियों के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव में छठ पूजा का प्रसाद जूठा करने से नाराज मां ने कथित तौर पर अपनी चार साल की मासूम बेटी की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृत बच्ची की पहचान मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्रसाद के पकवान जूठा करने पर हुआ विवाद

बच्ची के पिता राजू पासवान के अनुसार, छठ पूजा को लेकर परिवार के लोग घर के पास घाट बनाने गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी। इसी बीच चार वर्षीय सुहानी ने पकवान जूठा कर दिया।

बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद सुहानी की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद उसकी मां ही उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, आरोपी मां गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पूसा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से पूछताछ की।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है।

पिता बोले- बच्चों को अकेले पाल लूंगा, पत्नी की जरूरत नहीं

बेटी सुहानी की मौत से पिता राजू पासवान पूरी तरह टूट गए हैं। उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय बेटी शिवानी कुमारी, चार वर्षीय सुहानी कुमारी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं।

राजू पासवान ने कहा कि बेटी की मौत ने उनकी जिंदगी उजाड़ दी है। उन्होंने पत्नी को घटना के लिए जिम्मेदार बताते हुए कठोर से कठोर सजा दिलाने की मांग की है। पिता ने भावुक होकर कहा कि ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब मेरी बेटी ही नहीं रही। उन्होंने कहा कि अब वह अपने बाकी बच्चों को अकेले ही पाल लेंगे, उन्हें पत्नी की जरूरत नहीं है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस कर रही जांच

पूसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में चार वर्षीय बच्ची की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा है। मामले में आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व की तैयारियों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। चार साल की मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच से घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।

Kosi Live की रिपोर्ट