पटना: यूट्यूबर मनीष कश्यप और उनकी गर्लफ्रेंड अनुष्का ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी प्रेम कहानी के कई दिलचस्प किस्से साझा किए हैं। दोनों ने बताया कि उनके रिश्ते की शुरुआत सोशल मीडिया पर भेजे गए एक मैसेज से हुई थी। अनुष्का बिहार में बाढ़ के दौरान मनीष कश्यप की रिपोर्टिंग देखकर उन्हें पसंद करने लगी थीं।
### 2020 में अनुष्का ने भेजा था पहला मैसेज
मनीष कश्यप ने बताया कि अनुष्का ने साल 2020 में उन्हें पहली बार मैसेज किया था। उस समय अनुष्का 11वीं कक्षा में पढ़ती थीं। मनीष के मुताबिक, करीब दो साल तक अनुष्का लगातार मैसेज भेजती रहीं, लेकिन रिपोर्टिंग में व्यस्त रहने के कारण वह उनके मैसेज देख नहीं पाए थे।
वहीं, अनुष्का ने बताया कि उन्होंने बिहार में बाढ़ के दौरान मनीष कश्यप की रिपोर्टिंग देखी थी। उनकी रिपोर्टिंग और काम करने का अंदाज उन्हें काफी पसंद आया था। उन्हें भरोसा था कि एक दिन मनीष उनके मैसेज का जवाब जरूर देंगे।
अनुष्का ने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा कि मनीष उनके शिद्दत वाले प्यार हैं।
### मां से कह दिया था- शादी करूंगी तो मनीष से ही
अनुष्का ने बताया कि उन्होंने अपनी मां को पहले ही बता दिया था कि वह शादी करेंगी तो मनीष कश्यप से ही करेंगी। यह सुनकर उनकी मां हैरान रह गई थीं और उन्होंने पूछा था कि यह कैसे संभव होगा। हालांकि, अनुष्का को विश्वास था कि वह अपनी इच्छा को एक दिन जरूर पूरा करेंगी।
### वीडियो कॉल पर पहली बार देखा चेहरा
मनीष ने बताया कि जब उन्होंने अनुष्का के मैसेज का जवाब दिया, तो इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। पहली बार वीडियो कॉल आने पर उन्होंने अपने दोस्त विकास से कॉल उठाने को कहा था। बाद में उन्होंने भी अनुष्का से बातचीत की।
मनीष के मुताबिक, वीडियो कॉल पर अनुष्का उन्हें काफी खूबसूरत लगी थीं। इसके बाद मुलाकात की बात आई तो उनके दोस्त मनी द्विवेदी अनुष्का से मिलने गए। वापस लौटकर दोस्त ने अनुष्का की तारीफ करते हुए कहा कि आपको इन्हीं से शादी करनी चाहिए।
### जेल में रहने के दौरान अनुष्का की तबीयत भी बिगड़ी
मनीष कश्यप ने बताया कि जनवरी 2023 में दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे को समझा और उनका रिश्ता मजबूत हुआ।
मनीष ने कहा कि जब उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाया गया और उन्हें जेल जाना पड़ा, तब अनुष्का मुश्किल समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहीं। वह उनके लिए रोती थीं और उनकी तबीयत भी खराब हो गई थी।
मनीष ने बताया कि परिवार के कुछ लोगों ने अनुष्का को उनसे दूर रहने की सलाह दी थी, लेकिन उनकी मां ने इस रिश्ते का समर्थन किया।
उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने अपनी मां को अनुष्का की तस्वीर भेजी तो मां को विश्वास नहीं हुआ कि उनकी होने वाली बहू इतनी खूबसूरत हैं। बाद में दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी और उनकी मां को भी अनुष्का काफी पसंद आ गईं।
### मनीष के जेल से बाहर आने के लिए मांगी थी मन्नत
अनुष्का ने बताया कि जब मनीष जेल में थे, तब उन्होंने उनके लिए मन्नत मांगी थी। उन्होंने केदारनाथ में प्रार्थना की थी कि अगर मनीष उनके जीवन में वापस आ गए तो दोनों साथ में केदारनाथ जाएंगे।
मनीष ने बताया कि राइज एंड फॉल कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अनुष्का को अपनी मां के साथ मिलने आने के लिए कहा था, लेकिन नवरात्रि के व्रत और तबीयत खराब होने के कारण वह नहीं आ सकीं।
### 12 साल के उम्र के अंतर पर भी रखी अपनी बात
मनीष कश्यप ने दोनों के बीच उम्र के अंतर को लेकर कहा कि अनुष्का की उम्र 22 साल और उनकी उम्र 34 साल है। यानी दोनों के बीच करीब 12 साल का अंतर है। उन्होंने कहा कि वह इस अंतर को बहुत बड़ा नहीं मानते।
मनीष ने मजाकिया अंदाज में खुद को मिलेनियल और अनुष्का को जेन जी बताते हुए कहा कि उन्हें जेन जी से बहुत प्यार है।
दोनों की प्रेम कहानी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में दोनों ने अपने रिश्ते की शुरुआत, परिवार की प्रतिक्रिया और मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देने के अनुभव साझा किए हैं।
Kosi Live