मधेपुरा में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
पप्पू मेहता/मधेपुरा। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हो गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न नदी, तालाबों और पोखरों के किनारे बने छठ घाटों पर सुबह से ही छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
अहले सुबह से ही छठव्रती पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की सामग्री, फल-फूल और प्रसाद से सजे सूप लेकर घाटों पर पहुंचने लगे थे। सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालु नदी, तालाब और पोखरों के पानी में उतरकर भगवान भास्कर की आराधना में जुट गए। इसके बाद उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
इस दौरान छठव्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, आरोग्य और संतान की लंबी आयु की कामना की। मौसम के बदले रुख और सुबह के ठंडे वातावरण के बावजूद व्रतियों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। श्रद्धालु पानी में खड़े होकर पूरी श्रद्धा के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य देते नजर आए।
छठ घाटों पर दूध और पूजा सामग्री की व्यवस्था
छठ महापर्व को लेकर जिले के विभिन्न घाटों पर छठ पूजा समितियों की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी। कई घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए गाय के दूध की व्यवस्था की गई थी। पूजा समितियों की ओर से छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच दूध का निःशुल्क वितरण किया गया, ताकि उन्हें पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
महापर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। विभिन्न छठ घाटों पर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। पुलिसकर्मी लगातार घाटों पर निगरानी रखते हुए भीड़ को नियंत्रित करने और छठव्रतियों को सुरक्षित तरीके से घाट तक पहुंचाने में जुटे रहे।
चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। पूरे जिले में छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने लोक आस्था के इस महापर्व को शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न किया।
Kosi Live की रिपोर्ट