Kosi Live-कोशी लाइव Madhepura News:मधेपुरा में अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, बिना ई-चालान और ओवरलोडिंग में ट्रैक्टर जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 19, 2026

Madhepura News:मधेपुरा में अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, बिना ई-चालान और ओवरलोडिंग में ट्रैक्टर जब्त

मधेपुरा में अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, बिना ई-चालान और ओवरलोडिंग में ट्रैक्टर जब्त


मधेपुरा। जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में खनन विभाग की टीम ने जांच के दौरान बिना वैध परिवहन ई-चालान और निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान खनन विभाग की टीम ने एक ऐसे ट्रैक्टर को पकड़ा, जिस पर निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज लदे हुए थे। जांच में वाहन चालक वैध परिवहन ई-चालान भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद विभागीय टीम ने वाहन को जब्त कर लिया।

2024 की संशोधित नियमावली के तहत होगी कार्रवाई

जिला खनन कार्यालय के अनुसार, जब्त वाहन के विरुद्ध बिहार खनिज (समुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण) (संशोधन) नियमावली, 2024 के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि खनिजों का अवैध उत्खनन, बिना वैध ई-चालान परिवहन और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों, चालकों एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वाहन संचालकों को प्रशासन की चेतावनी

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन संचालकों से अपील की है कि खनिजों का परिवहन केवल वैध ई-चालान के माध्यम से और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही करें। नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Kosi Live की रिपोर्ट।