Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 16 गिरफ्तार; 5.275 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 19, 2026

मधेपुरा में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 16 गिरफ्तार; 5.275 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद

मधेपुरा में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 16 गिरफ्तार; 5.275 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद

मधेपुरा। जिले में शराब और सूखा नशा के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। समाहर्ता के निर्देश पर जिले के विभिन्न इलाकों में की गई कार्रवाई के दौरान अवैध देसी और विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं, शराब पीने के आरोप में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस पूरे अभियान में कुल 16 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है।

कई इलाकों में चलाया गया सघन जांच अभियान

मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने स्टेडियम के समीप, कॉलेज चौक, सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बुडको मैदान, यूनिवर्सिटी चौक, सदर अस्पताल परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर सघन छापेमारी की।

इसके अलावा प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की जांच की गई और दवा दुकानों में भी विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। प्रशासन का उद्देश्य शराब और सूखा नशा के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है।

दो स्थानों से अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार

अभियान के दौरान भर्राही थाना क्षेत्र के राजपुर बाईपास रोड पुल के पास छापेमारी कर करीब 2.500 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब बरामद की गई। इस मामले में कथित रूप से संलिप्त दिलीप कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, चौसा थाना क्षेत्र के बीरबल टोला चौसा में कार्रवाई करते हुए करीब 2.775 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में राजकिशोर मंडल को गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध विधिसम्मत अभियोग दर्ज किया गया है।

ब्रेथ एनालाइजर जांच में 14 लोग गिरफ्तार

छापेमारी के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर ब्रेथ एनालाइजर मशीन से लोगों की जांच की गई। शराब सेवन की पुष्टि होने पर 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह शराब से जुड़े मामलों में कुल 16 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है।

नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब और नशे के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रशासन का सहयोग करें और अवैध शराब या नशीले पदार्थों के कारोबार की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।

मधेपुरा जिला प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए छापेमारी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Kosi Live की रिपोर्ट।