Kosi Live-कोशी लाइव आय से अधिक संपत्ति मामले में किशनगंज की शिक्षा DPO रूबी कुमारी निलंबित, EOU कर रही जांच; सहरसा बनाया गया मुख्यालय - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, November 23, 2026

आय से अधिक संपत्ति मामले में किशनगंज की शिक्षा DPO रूबी कुमारी निलंबित, EOU कर रही जांच; सहरसा बनाया गया मुख्यालय

आय से अधिक संपत्ति मामले में किशनगंज की शिक्षा DPO रूबी कुमारी निलंबित, EOU कर रही जांच; सहरसा बनाया गया मुख्यालय


किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO), शिक्षा रूबी कुमारी को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सहरसा निर्धारित किया गया है। फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई (EOU) इस मामले की जांच कर रही है।

3 नवंबर को चार ठिकानों पर हुई थी छापेमारी

जानकारी के अनुसार, बीते 3 नवंबर को आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमों ने किशनगंज और कटिहार में रूबी कुमारी से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान अधिकारियों ने वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों, निवेश और संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की थी।

घोषित आय से 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप

EOU के डीएसपी मोहम्मद जनीफुद्दीन ने उस समय छापेमारी की कार्रवाई की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया था कि मामला अधिकारी की घोषित आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप से जुड़ा है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई थी, जिसके बाद चार ठिकानों पर तलाशी ली गई।

निलंबन अवधि में सहरसा में देनी होगी उपस्थिति

शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान रूबी कुमारी का मुख्यालय सहरसा रहेगा। उन्हें विभागीय निर्देशों के अनुसार सहरसा मुख्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।

फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान संपत्ति, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Kosi Live की रिपोर्ट