Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में बहन की शादी से 15 दिन पहले उठी भाई की अर्थी, पंजाब से घर लौटे 21 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 19, 2026

सुपौल में बहन की शादी से 15 दिन पहले उठी भाई की अर्थी, पंजाब से घर लौटे 21 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत

सुपौल में बहन की शादी से 15 दिन पहले उठी भाई की अर्थी, पंजाब से घर लौटे 21 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत

सुपौल। बहन की शादी की तैयारियों के बीच एक परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। पंजाब में मजदूरी कर परिवार का सहारा बनने वाला 21 वर्षीय चंदन कुमार उर्फ बिट्टू घर लौटने के महज एक दिन बाद सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जिस घर में 15 दिन बाद बहन की शादी को लेकर खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है।

घटना जदिया थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर वार्ड संख्या 5 स्थित 42 नंबर सड़क की है। मृतक की पहचान बघेली पंचायत के वार्ड संख्या 8 निवासी वकील यादव के छोटे पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है।

तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर की शाम करीब 4 बजे चंदन कुमार उर्फ बिट्टू गांव के ही मन्नू पासवान और छोटू कुमार के साथ पल्सर बाइक से घूमने निकला था। तीनों युवक रघुनाथपुर से फसियाकोठी की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान महानंद मंडल के घर के पश्चिम स्थित सड़क पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में मन्नू पासवान और छोटू कुमार को मामूली चोटें आईं, जबकि चंदन गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम

घटना के बाद दोनों साथी गंभीर रूप से घायल चंदन को आनन-फानन में त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

17 नवंबर को ही पंजाब से लौटा था बिट्टू

परिजनों के अनुसार, चंदन 17 नवंबर की शाम पंजाब से मजदूरी कर अपने घर लौटा था। वह बाहर रहकर मेहनत करता था और परिवार की आर्थिक मदद करता था। घर आने के बाद उसे अपनी बहन की शादी की तैयारियों में हाथ बंटाना था। बहन की शादी महज 15 दिनों बाद होने वाली थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि परिवार का यह चिराग इतनी जल्दी बुझ जाएगा।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है। फिलहाल मामले में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

बहन की शादी की खुशियों के बीच भाई की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।

Kosi Live की रिपोर्ट।