कुट्टी काटने वाली मशीन में फंसने से 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, घर का इकलौता चिराग बुझा; गांव में पसरा मातम
मधेपुरा: जिले के बिशनपुर कोरलाही पंचायत के वार्ड संख्या-07 में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। कुट्टी काटने वाली मशीन की चपेट में आने से युवक का बायां हाथ कट गया, जबकि उसका सिर भी मशीन के पिनियन में बुरी तरह फंस गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, घर के इकलौते बेटे की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बिशनपुर कोरलाही पंचायत के वार्ड-07 निवासी स्वर्गीय उमेश साह के पुत्र सुबोध साह (26 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे सुबोध साह अपने पड़ोसी प्रमोद साह उर्फ परिमल साह, पिता स्वर्गीय मिश्री साह के यहां कुट्टी काटने वाली मशीन लेकर गए थे।
सुबह करीब 6:15 बजे पुआल काटने के दौरान अचानक उनका बायां हाथ मशीन में फंस गया। इसी दौरान उनका सिर भी मशीन के पिनियन की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार, एसआई रविकांत, जिउतराम और मधु कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई की।
इधर, मृतक की मां माला देवी और अन्य परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मृतक की मां ने थानाध्यक्ष के नाम लिखित आवेदन देकर पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे से परिवार को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना से गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
Kosi Live की रिपोर्ट