### गया जंक्शन पर 6.37 लाख रुपये का गांजा बरामद, 22 वर्षीय महिला गिरफ्तार; ओडिशा से सासाराम ले जा रही थी खेप
गया। बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन नारकोस के तहत सुरक्षा एजेंसियों ने एक 22 वर्षीय महिला को 12 किलो 756 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख 37 हजार 800 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार महिला की पहचान रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव निवासी गोपाल कहार की 22 वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी के रूप में हुई है।
ट्रेन के जनरल कोच में तलाशी के दौरान मिला गांजा
आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह के अनुसार, गया रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव को सूचना मिली कि धनबाद से शकूरबस्ती जाने वाली ट्रेन संख्या 03639 अप एक्सप्रेस से गांजे की तस्करी की जा रही है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की तैयारी की। ट्रेन के गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचते ही सुरक्षा कर्मियों ने आगे की ओर स्थित जनरल कोच में तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान संदिग्ध अवस्था में यात्रा कर रही छोटी कुमारी के झोले की जांच की गई। झोले से गांजे के 12 बंडल बरामद हुए। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 12.756 किलोग्राम पाई गई।
ओडिशा के संबलपुर से लेकर सासाराम जा रही थी गांजा
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पैसों के लालच में गांजे की खेप लेकर जा रही थी। उसे ओडिशा के संबलपुर से गांजा मिला था, जिसे बिहार के सासाराम पहुंचाना था।
अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि महिला को गांजा किसने उपलब्ध कराया था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
कार्रवाई के बाद गिरफ्तार महिला और जब्त गांजे को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी थाना गया लाया गया। आरपीएफ के उप निरीक्षक धीरेंद्र कुमार के लिखित आवेदन पर जीआरपी थाना में कांड संख्या 285/26, दिनांक 14 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)B के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव, अपराध आसूचना शाखा के निरीक्षक चंदन कुमार, जीआरपी थानाध्यक्ष शिव कुमार सहित आरपीएफ, सीपीडीएस टीम और जीआरपी के जवान शामिल रहे।
रेलवे स्टेशनों पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों का अभियान लगातार जारी है।