खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोगरी अनुमंडल के भरतखंड थाना क्षेत्र अंतर्गत मथुरापुर नौनियाचक गांव में छुट्टी पर घर आए बिहार पुलिस के एक जवान ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के सीने में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
15 साल पहले हुई थी शादी, पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
मृतका की पहचान श्वेता कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मथुरापुर निवासी वेदानंद चौधरी का पुत्र गौतम कुमार बिहार पुलिस के गया जिला बल में कार्यरत है। करीब 15 वर्ष पहले गौतम की शादी परबत्ता प्रखंड के कबेला पंचायत निवासी नागेश्वर ठाकुर की पुत्री श्वेता कुमारी से हुई थी। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बीच शुक्रवार देर शाम विवाद के दौरान गौतम कुमार ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
बेगूसराय में डॉक्टरों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मां की मौत से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, पुलिस ने बरामद किया खोखा
घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार को खगड़िया एसपी शैलेन्द्र सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।
इस दौरान गोगरी एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर, भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और एक खोखा भी बरामद किया है।
अवैध हथियार से पत्नी को मारी गई गोली, एसपी ने की पुष्टि
एसपी शैलेन्द्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार रात भरतखंड थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मथुरापुर नौनियाचक गांव में एक पुलिस जवान ने अपनी पत्नी को गोली मार दी है।
पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची, तब तक आरोपी जवान घायल पत्नी को लेकर बेगूसराय जा चुका था। वहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
एसपी के अनुसार, गया जिला बल में पदस्थापित जवान गौतम कुमार ने छुट्टी पर घर आने के दौरान अवैध हथियार से अपनी पत्नी श्वेता कुमारी के सीने में गोली मारी थी।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।
Kosi Live की रिपोर्ट