मुंबई में छठ पूजा के विरोध के बीच पूर्व IPS शिवदीप लांडे ने सूर्यदेव को दिया अर्घ्य, 18 साल से मना रहे हैं महापर्व
पटना: मुंबई में छठ पूजा को लेकर सियासी बयानबाजी तेज है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कुछ नेताओं की ओर से मुंबई के समुद्र तटों पर छठ पूजा के बड़े आयोजनों का विरोध किया जा रहा है। इसी बीच बिहार के पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप लांडे की एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गई है। उन्होंने छठ पूजा करते हुए अपनी तस्वीर साझा की और बताया कि पिछले 18 वर्षों से वह इस महापर्व का हिस्सा बनते आ रहे हैं।
18 साल से छठ महापर्व के साक्षी बन रहे हैं शिवदीप लांडे
पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप लांडे ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आस्था के महापर्व छठ की संध्या में सूर्यदेव को अर्घ्य देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि छठी मईया ने पिछले 18 वर्षों से उन्हें इस महापर्व का साक्षी बनने का अवसर दिया है।
उन्होंने अपनी प्रार्थना में कहा कि छठी मईया बिहार को हमेशा तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाती रहें। उनकी छठ पूजा करते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
मुंबई में छठ पूजा के आयोजन को लेकर विवाद
दरअसल, मुंबई में छठ पूजा के बड़े आयोजनों को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कुछ नेताओं ने आपत्ति जताई है। पार्टी की ओर से जुहू, वर्सोवा, मढ़ और गोराई बीच पर छठ पूजा के आयोजनों पर रोक लगाने की मांग उठाई गई थी। मनसे नेताओं का तर्क है कि समुद्र तटों पर पूजा के बड़े आयोजनों से पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है।
भोजपुरी छठ गीतों को लेकर भी हुआ विवाद
मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी छठ गीत बजाए जाने को लेकर भी विवाद सामने आया। मनसे ने रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गीत बजाने का विरोध किया। इस मुद्दे पर पार्टी प्रमुख राज ठाकरे ने भी बयान दिया।
राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि बीजेपी छठ पूजा के बहाने मुंबई में मराठी और उत्तर भारतीय लोगों के बीच तनाव पैदा करना चाहती है। उन्होंने मराठी लोगों से ऐसी राजनीतिक चाल में नहीं फंसने की अपील की।
संजय निरुपम ने किया पलटवार
राज ठाकरे के बयान पर शिवसेना नेता संजय निरुपम ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा हजारों साल पुरानी परंपरा है और इसे चुनावी राजनीति से जोड़ना गलत है। उन्होंने राज ठाकरे के रुख को छठ पूजा के खिलाफ बताया।
इसी राजनीतिक विवाद के बीच शिवदीप लांडे की छठ पूजा करते हुए तस्वीर और बिहार की खुशहाली के लिए की गई प्रार्थना चर्चा में है।
Kosi Live की रिपोर्ट