Kosi Live-कोशी लाइव पहली बार छठ व्रत कर रहे सिवान के DM विजय प्रकाश मीणा, सिर पर दउरा लेकर पहुंचे घाट; उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी सबकी खुशहाली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, November 16, 2026

पहली बार छठ व्रत कर रहे सिवान के DM विजय प्रकाश मीणा, सिर पर दउरा लेकर पहुंचे घाट; उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी सबकी खुशहाली

पहली बार छठ व्रत कर रहे सिवान के DM विजय प्रकाश मीणा, सिर पर दउरा लेकर पहुंचे घाट; उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी सबकी खुशहाली


सिवान: छठ महापर्व के अवसर पर सिवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा सोमवार की सुबह आम श्रद्धालु की तरह सिर पर दउरा लेकर दाहा नदी स्थित पुलवा घाट पहुंचे। उन्होंने छठ व्रतियों के साथ जमीन पर बैठकर विधि-विधान से छठी मईया की पूजा-अर्चना की और उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर सभी के मंगल और खुशहाली की कामना की। पहली बार छठ व्रत कर रहे जिलाधिकारी को सामान्य श्रद्धालु की तरह घाट पर देखकर स्थानीय लोग आश्चर्यचकित रह गए।

सिर पर दउरा लेकर पैदल पहुंचे घाट

16 नवंबर की सुबह जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा अपने आवास से पैदल सिर पर दउरा लेकर पुलवा घाट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सामान्य श्रद्धालु जैसी वेशभूषा धारण की थी। घाट पर मौजूद छठ व्रती महिलाओं से उन्होंने पूजा की विधि के बारे में बातचीत भी की। इसके बाद व्रतियों के साथ बैठकर स्थापित शिर सोपता के माध्यम से विधिवत पूजा-अर्चना की।

जिलाधिकारी को अपने बीच देखकर घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं और युवाओं में उत्साह देखने को मिला। कई अभिभावक अपने बच्चों को जिलाधिकारी को दिखाकर उन्हें प्रेरित करते नजर आए।

सूर्योपासना के साथ स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण का संदेश

पूजा के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व केवल सूर्योपासना का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, सामाजिक समरसता और प्रकृति के साथ सामंजस्य का भी संदेश देता है। जिस तरह छठ पूजा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है, उसी तरह दैनिक जीवन में भी स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए। प्रकृति के संरक्षण में सभी लोगों को अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने दाहा नदी को सिवान की जीवनरेखा बताते हुए इसके संरक्षण पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि नदी के तट पर हजारों श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में प्रत्येक जिलेवासी को दाहा नदी के संरक्षण के प्रति गंभीर और संवेदनशील होना चाहिए। सामूहिक और समर्पित प्रयासों से नदी संरक्षण की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं।

वरीय अधिकारियों ने भी संभाली व्यवस्था

इस दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी बालेंदु नारायण पांडेय, जिला योजना पदाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग रुपेश कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शालू कुमारी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी तनुजा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सोमवार की सुबह पुलिस अधीक्षक भारत सोनी भी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।

घाटों पर सुरक्षा और सुविधा के विशेष इंतजाम

छठ घाटों पर एसडीआरएफ की टीम नाव के साथ सतर्क स्थिति में तैनात रही। वॉच टावर से सुरक्षाकर्मी लगातार निगरानी कर रहे थे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह चेंजिंग रूम बनाए गए थे। घाट के किनारों पर आकर्षक पेंटिंग भी कराई गई थी, जो श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी का आकर्षण बनी रही। पुलिस बल और स्वास्थ्य कर्मी भी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे।

जिला प्रशासन के अनुसार, छठ महापर्व का समापन शांतिपूर्ण और सुविधाजनक तरीके से हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता से श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

Kosi Live की रिपोर्ट
'; (function() { var dsq = document.createElement('script'); dsq.type = 'text/javascript'; dsq.async = true; dsq.src = '//' + disqus_shortname + '.disqus.com/embed.js'; (document.getElementsByTagName('head')[0] || document.getElementsByTagName('body')[0]).appendChild(dsq); })();