Kosi Live-कोशी लाइव OMG 😭छठ घाट से लौट रहे दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक की 4 दिसंबर को थी शादी; दूसरे को 10 दिन बाद जाना था दुबई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, November 16, 2026

OMG 😭छठ घाट से लौट रहे दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक की 4 दिसंबर को थी शादी; दूसरे को 10 दिन बाद जाना था दुबई

छठ घाट से लौट रहे दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक की 4 दिसंबर को थी शादी; दूसरे को 10 दिन बाद जाना था दुबई


समस्तीपुर: जिले के चकमहेसी थाना क्षेत्र में रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक छठ महापर्व के अवसर पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मधुरापुर टारा गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान चकमहेसी थाना क्षेत्र के करुआ गांव निवासी नरेश शाह के 21 वर्षीय बेटे अर्जुन कुमार और अरुण कुमार के 25 वर्षीय बेटे सोनू कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा तैयार कर सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

बहन के घर बिरसिंहपुर जा रहे थे दोनों दोस्त

सोनू कुमार के ममेरे भाई रणवीर कुमार ने बताया कि रविवार शाम छठ घाट पर अर्घ्य देने के बाद सोनू अपने दोस्त अर्जुन के साथ बाइक से अर्जुन की बहन के घर बिरसिंहपुर जा रहा था। इसी दौरान मधुरापुर टारा गांव के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उनके पास मिले कागजात के आधार पर पहचान की और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की जानकारी दी।

दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। दोनों के सिर में ही गंभीर चोटें आई थीं। लोगों का कहना है कि यदि दोनों ने हेलमेट पहना होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।

4 दिसंबर को अर्जुन की शादी, सोनू को जाना था दुबई

इस हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। अर्जुन कुमार की शादी आगामी 4 दिसंबर को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार खुशियों की तैयारी में जुटा था। लेकिन हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।

वहीं, सोनू कुमार नौकरी के सिलसिले में 27 नवंबर को दुबई जाने वाला था। उसकी फ्लाइट का टिकट भी कंफर्म हो चुका था। विदेश जाकर रोजगार शुरू करने का सपना देख रहे सोनू की हादसे में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

तेज रफ्तार में टर्निंग पर अनियंत्रित हुई बाइक

सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण एक टर्निंग पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Kosi Live की रिपोर्ट
'; (function() { var dsq = document.createElement('script'); dsq.type = 'text/javascript'; dsq.async = true; dsq.src = '//' + disqus_shortname + '.disqus.com/embed.js'; (document.getElementsByTagName('head')[0] || document.getElementsByTagName('body')[0]).appendChild(dsq); })();