Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में मां-बेटे के स्मैक तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 856 ग्राम स्मैक और 5.05 लाख नकद बरामद; मां गिरफ्तार, बेटा फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, November 14, 2026

पूर्णिया में मां-बेटे के स्मैक तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 856 ग्राम स्मैक और 5.05 लाख नकद बरामद; मां गिरफ्तार, बेटा फरार

पूर्णिया में मां-बेटे के स्मैक तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 856 ग्राम स्मैक और 5.05 लाख नकद बरामद; मां गिरफ्तार, बेटा फरार

पूर्णिया। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पूर्णिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मरंगा थाना क्षेत्र के शिवशक्ति नगर वार्ड संख्या 24 में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने 856.06 ग्राम स्मैक और 5 लाख 5 हजार 90 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका बेटा मौके से फरार हो गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में पौने दो करोड़ रुपये आंकी गई कीमत

मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने बताया कि जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपये है। वहीं, बरामद 5 लाख 5 हजार 90 रुपये नशे के कारोबार से अर्जित किए जाने की आशंका है।

पुलिस के अनुसार, शिवशक्ति नगर में मां और बेटा मिलकर स्मैक की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चला रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने किरण देवी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका बेटा आनंद चौधरी पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने ठिकाने से तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है। आशंका है कि इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल नशे के कारोबार से जुड़े लोगों से संपर्क और नेटवर्क संचालित करने में किया जाता था।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम

एसडीपीओ अभिनव परासर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मरंगा थाना क्षेत्र के शिवशक्ति नगर में बड़े पैमाने पर स्मैक की खेप मंगवाकर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना का सत्यापन करने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

इसके बाद दंडाधिकारी की निगरानी में मरंगा थाना पुलिस और डीआईयू की टीम ने संयुक्त रूप से चिह्नित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान महिला तस्कर को गिरफ्तार करने के साथ भारी मात्रा में स्मैक, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

फरार बेटे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस ने फरार आरोपी आनंद चौधरी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसडीपीओ अभिनव परासर ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार, पुअनि अनंत कुमार, निभा कुमारी, शैलेश कुमार सिंह, संजीत कुमार और डीआईयू की टीम शामिल रही।

Kosi Live की रिपोर्ट