अररिया: बिहार के अररिया जिले में छठ पर्व के मौके पर घर लौट रहे रजिस्ट्री कचहरी के मुंशी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार की सुबह कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के पोहसी पंचायत में हुई। बदमाशों ने कार सवार मुंशी अमित भगत को सिर में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अमित की पूर्णिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में दहशत का माहौल है।
कार और बोलेरो पिकअप की टक्कर के बाद हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमित भगत के रूप में हुई है। वह शनिवार की सुबह अपनी चार पहिया गाड़ी (BR 38 Q 8467) से पहुंसी गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बलचंदा की तरफ से आ रही बोलेरो पिकअप (BR 11 G 5613) ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जाता है कि टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान पिकअप की ओर से आए हमलावरों ने पिस्टल निकालकर अमित भगत पर फायरिंग कर दी। गोली उनके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
पूर्णिया ले जाने के दौरान तोड़ा दम
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित भगत को इलाज के लिए कुर्साकांटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने में मदद की। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। हालांकि, पूर्णिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटनास्थल से दो खोखे बरामद, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से पिस्टल के दो खोखे बरामद किए। इसके अलावा घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी एकत्र किए गए।
मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस बोलेरो पिकअप की भूमिका और उसके मालिक एवं सवार लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पुराने विवाद में हत्या की आशंका, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
मामले को लेकर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुराने विवाद के कारण गोलीबारी की घटना हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। छठ पर्व के बीच हुई इस हत्या से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Kosi Live की रिपोर्ट