Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में लग्जरी कार से 160 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, एक युवक गिरफ्तार, दूसरा हुआ फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, November 14, 2026

बिहार में लग्जरी कार से 160 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, एक युवक गिरफ्तार, दूसरा हुआ फरार

फारबिसगंज में 160 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ युवक गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल किआ कार जब्त; दूसरा आरोपी फरार

अररिया: जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 160 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद कफ सिरप की कुल मात्रा 16 लीटर बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की किआ कार भी जब्त की है। वहीं, पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

ग्रामपोर्ट ओवरब्रिज के पास पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर की रात करीब 8:10 बजे पुलिस अवर निरीक्षक कलीम आलम के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार, अमित राज और सशस्त्र बल के जवान शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ छापेमारी अभियान पर निकले थे।

इसी दौरान रात करीब 8:40 बजे ग्रामपोर्ट ओवरब्रिज के पास पुलिस को सूचना मिली कि दक्षिण दिशा से आ रही काले रंग की किआ कार में प्रतिबंधित कफ सिरप रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वाहन जांच शुरू कर दी और संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया।

कार से उतरकर भागा एक युवक, दूसरा गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, चालक ने कार लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। इस दौरान कार में सवार एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर भंगहा, वार्ड संख्या-14 निवासी अभिषेक कुमार (23 वर्ष), पिता विश्वनाथ पासवान के रूप में हुई है। वहीं, फरार युवक की पहचान रितेश कुमार के रूप में बताई गई है।

कार्टन से मिली 160 बोतल कफ सिरप

पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो बीच वाली सीट पर रखे कार्टन से 100 एमएल की कुल 160 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 16 लीटर आंकी गई है।

इसके अलावा पुलिस ने मौके से पंजाब नेशनल बैंक की पासबुक, जियो डेबिट कार्ड और एक सैमसंग मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की किआ कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

फरार आरोपी और कफ सिरप के नेटवर्क की जांच जारी

इस मामले में पुलिस ने गिरफ्तार अभिषेक कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी रितेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही बरामद कफ सिरप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।

Kosi Live की रिपोर्ट