Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बाल सुधार गृह में बेकाबू हुए बच्चे, SI को कुर्सी-मेज और लात-मुक्कों से पिटा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, November 21, 2026

BIHAR:बाल सुधार गृह में बेकाबू हुए बच्चे, SI को कुर्सी-मेज और लात-मुक्कों से पिटा

 जहानाबाद बाल सुधार गृह में 30-35 कैदियों का पुलिस टीम पर हमला, SI समेत 3 घायल; चोरी के दो आरोपियों को लेकर पहुंची थी पुलिस

जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां बाल सुधार गृह में चोरी के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को जमा कराने पहुंची पुलिस टीम पर वहां पहले से रह रहे करीब 30 से 35 कैदियों ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दोनों गिरफ्तार आरोपी भी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले में SI दीपक कुमार को सबसे अधिक चोटें आई हैं।

दो आरोपियों को लेकर बाल सुधार गृह पहुंची थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, शकूराबाद थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शनिवार से पहले शुक्रवार को पुलिस टीम दोनों को बाल सुधार गृह में दाखिल कराने पहुंची थी। पुलिसकर्मी जैसे ही दोनों आरोपियों को लेकर अंदर पहुंचे, वहां मौजूद कैदियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

30 से 35 कैदियों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर पीटा

घायल सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार के मुताबिक, बाल सुधार गृह के अंदर पहुंचते ही करीब 30 से 35 कैदियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से परिसर में अफरातफरी मच गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ दोनों नए आरोपियों को भी चोटें आईं।

शोर सुनकर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कराया बचाव

मारपीट और शोरगुल की आवाज सुनकर आसपास मौजूद अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद घायल SI दीपक कुमार और दोनों आरोपियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

हमले की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस की ओर से बताया गया कि बाल सुधार गृह में रह रहे लड़कों का मनोबल बढ़ा हुआ है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कैदियों ने पुलिस टीम पर हमला क्यों किया और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। बाल सुधार गृह प्रशासन का पक्ष सामने आने के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Kosi Live