Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:स्टेशन पर 32 किलो गांजा के साथ पूर्णिया के भाई-बहन गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, November 21, 2026

BIHAR NEWS:स्टेशन पर 32 किलो गांजा के साथ पूर्णिया के भाई-बहन गिरफ्तार

सुल्तानगंज स्टेशन पर 32.19 किलो गांजा के साथ पूर्णिया के भाई-बहन गिरफ्तार, 16 लाख से अधिक की खेप लेकर दिल्ली जाने की थी तैयारी

भागलपुर/पूर्णिया। बिहार में नशा तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने 32 किलो 190 ग्राम गांजा के साथ पूर्णिया के रहने वाले भाई-बहन को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 16 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। दोनों तस्कर पश्चिम बंगाल से गांजे की खेप लेकर आए थे और विक्रमशिला एक्सप्रेस से दिल्ली जाने की तैयारी में थे।

गुप्त सूचना पर आरपीएफ ने चलाया सर्च अभियान

आरपीएफ सीआईबी जमालपुर के इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार सुधा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में कन्हैया कुमार, रवि कुमार और महिला कांस्टेबल लक्ष्मी सिंह शामिल थीं। गुप्त सूचना के आधार पर जवानों ने सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर सर्च अभियान चलाया।

इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 के बीच स्थित फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के नीचे दो लोगों को बैग और थैला लेकर संदिग्ध अवस्था में देखा गया। जवानों ने दोनों को रोककर तलाशी ली तो उनके पास मौजूद आठ बैग और थैलों से कुल 32.19 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

बंगाल से गांजा खरीदकर सड़क मार्ग से पहुंचे थे सुल्तानगंज

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत कुमार और उसकी बहन रेणु देवी के रूप में हुई है। दोनों पूर्णिया जिले के टिकापट्टी थाना क्षेत्र के कोईली सिमराहा गांव के निवासी बताए गए हैं। रेणु देवी शादीशुदा है।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल से गांजे की खरीदारी की थी और सड़क मार्ग से इसकी खेप लेकर सुल्तानगंज पहुंचे थे। यहां से विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए गांजा लेकर दिल्ली जाने की योजना थी।

पहले भी गांजा तस्करी में जेल जा चुकी है महिला

आरपीएफ के अनुसार, गिरफ्तार रेणु देवी इससे पहले भी गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुकी है। करीब पांच साल पहले खगड़िया रेलवे स्टेशन पर इसी तरह के एक मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई थी और उसे जेल भी जाना पड़ा था।

भागलपुर जीआरपी में प्राथमिकी दर्ज

आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि सहायक सुरक्षा आयुक्त जमालपुर अजय कुमार की मौजूदगी में जब्ती और गिरफ्तारी से संबंधित सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। इसके बाद दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए भागलपुर जीआरपी थाना को सौंप दिया गया। मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

पुलिस अब गांजे की खेप के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Kosi Live