Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 4 थानों को मिले नए थानाध्यक्ष; 3 थानाध्यक्ष पुलिस केंद्र भेजे गए - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, November 21, 2026

सुपौल में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 4 थानों को मिले नए थानाध्यक्ष; 3 थानाध्यक्ष पुलिस केंद्र भेजे गए

सुपौल में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 4 थानों को मिले नए थानाध्यक्ष; 3 थानाध्यक्ष पुलिस केंद्र भेजे गए
सुपौल। जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने 20 नवंबर 2026 को जिला आदेश संख्या 1309/2026 जारी कर सात पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इस फेरबदल के तहत प्रतापगंज, करजाईन, लौकहा और भीमनगर थानों में नए थानाध्यक्षों की तैनाती की गई है। वहीं, तीन मौजूदा थानाध्यक्षों को पुलिस केंद्र सुपौल भेज दिया गया है। आदेश को कोसी क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक से अनुमोदन प्राप्त है।

चार थानों में नए थानाध्यक्षों की तैनाती

जारी आदेश के अनुसार, लौकहा थाना के वर्तमान थानाध्यक्ष अमित कुमार-2 को प्रतापगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, सुपौल थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रामबहादुर सिंह (आरबी सिंह) को करजाईन का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

इसी तरह राघोपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राजू कुमार-2 को लौकहा थाने की कमान दी गई है। जबकि लौकहा थाना में पदस्थापित अमिय प्रसून को भीमनगर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

तीन थानाध्यक्षों को पुलिस केंद्र सुपौल भेजा गया

इस फेरबदल के तहत प्रतापगंज के वर्तमान थानाध्यक्ष रोशन कुमार, करजाईन के थानाध्यक्ष मनीष कुमार और भीमनगर के थानाध्यक्ष मनीष कुमार-1 को उनके वर्तमान पद से हटाकर पुलिस केंद्र सुपौल में पदस्थापित किया गया है।

24 घंटे के अंदर योगदान देने का निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने स्थानांतरित सभी पदाधिकारियों को 24 घंटे के अंदर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देकर प्रभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही पुराने थानों से संबंधित कांडों, वारंट, आवेदनों और अन्य जरूरी अभिलेखों को एक सप्ताह के भीतर संबंधित नए पदाधिकारियों को सौंपने का आदेश दिया गया है।

थानाध्यक्ष बनने के लिए निर्धारित हैं सख्त शर्तें

जारी आदेश में थानाध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए निर्धारित अहर्ताओं और नियमों का भी उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार, जिन पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही लंबित है, जो गंभीर आरोपों में दोषी पाए गए हैं या शराब कारोबार में संलिप्त रहे हैं, उन्हें थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी से वंचित रखा जा सकता है।

आदेश के मुताबिक, शराब से जुड़े मामलों में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी को अगले 10 वर्षों तक थानाध्यक्ष नहीं बनाया जा सकेगा। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद जिले के चार थानों में पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के हाथों में होगी।

Kosi Live | नई सोच नई खबर