बेगूसराय में सुहागरात को लेकर विवाद बना हत्या की वजह! दुल्हन के जीजा पर बैट से पीटकर दूल्हे की हत्या का आरोप, जून में हुई थी शादी
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के करीब साढ़े चार महीने बाद पति-पत्नी के बीच सुहागरात को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दुल्हन के जीजा ने अपने परिजनों के साथ मिलकर दूल्हे की बेरहमी से पिटाई कर दी। सिर पर क्रिकेट बैट से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना परिहारा थाना क्षेत्र के परिहारा गांव की है।
मृतक की पहचान राजा चौधरी उर्फ अमरेश चौधरी के बेटे अभय कुमार उर्फ विशाल (30) के रूप में हुई है। उनकी शादी इसी साल 19 जून को मल्हीपुर गांव निवासी अजय मिश्र की बेटी नंदिनी कुमारी से हुई थी।
शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
मृतक के परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही अभय और उनकी पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। अभय अपनी मां से शिकायत करते थे कि पत्नी सुहागरात मनाने से इनकार कर रही है। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी।
मृतक के पिता का आरोप है कि उन्होंने इस विवाद को सुलझाने के लिए बहू के मायके वालों से भी बातचीत की थी। बताया गया कि बहू के जीजा प्रवीण चौधरी उर्फ बिट्टू पंडित ने ही दोनों की शादी कराई थी। परिवार के लोगों ने उससे भी मामले में हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की बात कही थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
9 नवंबर को घर पहुंचकर हुई मारपीट, बैट से सिर पर हमला
मृतक के पिता अमरेश चौधरी के अनुसार, 9 नवंबर की सुबह बहू के मायके वाले उसे अपने साथ लेकर चले गए थे। उसी दिन बाद में प्रवीण चौधरी अपने परिवार के सदस्यों के साथ उनके घर पहुंचा। वहां विवाद के दौरान पहले परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की गई।
आरोप है कि इसी दौरान प्रवीण चौधरी ने अभय के सिर पर क्रिकेट बैट से लगातार कई वार कर दिए। हमले में अभय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बेगूसराय से पटना तक चला इलाज, नहीं बच सकी जान
गंभीर हालत में अभय को पहले बखरी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल और फिर बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें पटना के अस्पताल ले गए।
परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट और दिमाग को हुए नुकसान की जानकारी दी थी। कई अस्पतालों में इलाज कराने के बावजूद अभय की जान नहीं बच सकी। शुक्रवार सुबह सदर अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
शव पहुंचते ही ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
अभय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शव गांव पहुंचने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने परिहारा थाना के पास शव रखकर बखरी-खगड़िया मुख्य सड़क जाम कर दी। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपी प्रवीण चौधरी उर्फ बिट्टू पंडित और उसके परिवार के सदस्यों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।
डीएसपी के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम
सड़क जाम की सूचना पर बखरी डीएसपी कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को मामले में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटाया।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच जारी
मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि 12 नवंबर को मृतक की मां रेखा देवी ने परिहारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें प्रवीण चौधरी और उसके परिवार के सदस्यों पर अभय की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस मामले में परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
Kosi Live की रिपोर्ट