सुपौल में सड़क हादसे में जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि भूषण पासवान की मौत, नेपाल के अस्पताल में 8 दिनों तक चला इलाज
सुपौल: जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत मोहम्मदगंज पंचायत के हसनपुर वार्ड-1 निवासी जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि भूषण पासवान (45) की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने गुरुवार देर रात करीब 12 बजे नेपाल स्थित न्यूरो अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पंचायत और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, करीब आठ दिन पहले भूषण पासवान ग्वालपाड़ा पंचायत से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे रास्ते में उनकी बाइक की दूसरी बाइक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें छातापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नेपाल स्थित न्यूरो अस्पताल रेफर कर दिया गया।
8 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझते रहे
परिजन उन्हें इलाज के लिए नेपाल ले गए, जहां पिछले आठ दिनों से उनका उपचार चल रहा था। परिवार के लोगों को उम्मीद थी कि भूषण पासवान स्वस्थ होकर घर लौटेंगे, लेकिन गुरुवार की रात उनकी मौत हो गई।
भूषण पासवान क्षेत्र में जिला परिषद सदस्य के प्रतिनिधि के रूप में सक्रिय थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में शोक व्याप्त है। लोगों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
छातापुर थानाध्यक्ष युगल किशोर ने शनिवार दोपहर बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Kosi Live की रिपोर्ट