सीतामढ़ी-बैरगनिया सड़क पर तेज रफ्तार कार और बाइक में जोरदार टक्कर, दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल
बैरगनिया (सीतामढ़ी): सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह सीतामढ़ी-बैरगनिया मुख्य सड़क पर भीषण सड़क हादसा हो गया। नंदवारा-बागमती पुल (वंशी चाचा सेतु) के पास तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों युवक छठ महापर्व के अवसर पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद बागमती पुल के पास रील बनाने जा रहे थे।
घायलों की पहचान मसहां नरोत्तम गांव निवासी राजदेव साह के पुत्र मुकेश कुमार (25 वर्ष) और विनोद साह के पुत्र मोनू कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।
बागमती नदी की ओर से आ रही कार ने बाइक में मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार की सुबह दोनों युवक छठ पूजा के बाद बाइक से बागमती पुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बागमती नदी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के कई हिस्से टूटकर सड़क पर बिखर गए। वहीं, कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए।
रक्षा मंत्रालय का बोर्ड लगी थी कार
दुर्घटना में शामिल कार का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 06CU 2465 बताया गया है। कार पर भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय का बोर्ड लगा हुआ था। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बाइक का निबंधन नंबर BR 30AR 8711 बताया गया है।
दोनों घायलों को सीतामढ़ी किया गया रेफर
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को दुर्घटनाग्रस्त कार से ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बैरगनिया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने कार और बाइक जब्त की
घटना की सूचना मिलने पर बैरगनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने हादसे में शामिल कार और बाइक दोनों को जब्त कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
सड़क को दो लेन करने की उठी मांग
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सीतामढ़ी-बैरगनिया सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सड़क को दो लेन बनाया जाना चाहिए, ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
Kosi Live की रिपोर्ट