मधुबनी में 164.4 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; 82.20 लाख रुपये आंकी गई कीमत, नेपाल से बेगूसराय जा रही थी खेप
मधुबनी: इंडो-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मधुबनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खुटौना प्रखंड के लौकहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) के सहयोग से एक स्कॉर्पियो से 164 किलो 400 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 82 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
इस संबंध में एसएसपी योगेंद्र कुमार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी गई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस और SSB ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर की रात करीब एक बजे लौकहा थानाध्यक्ष धीरज कुमार को गुप्त सूचना मिली कि नेपाल से बलान नदी बेसिन के रास्ते ग्राम बेलदारी होकर गांजे की बड़ी खेप भारतीय क्षेत्र में लाई जाने वाली है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मिले निर्देश के आलोक में पुलिस टीम ने SSB के सहयोग से बलान नदी के दोनों तटबंधों पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
स्कॉर्पियो रोकने पर भागने लगे तस्कर
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:10 बजे एक स्कॉर्पियो ग्राम बेलदारी के सामने बांध से उतरकर बलान नदी बेसिन की ओर गई। कुछ देर बाद जब वाहन वापस तटबंध पर चढ़ने लगा, तभी पहले से तैनात पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया।
पुलिस को देखते ही स्कॉर्पियो से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे दो व्यक्तियों को जवानों ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों की तलाशी लेने के साथ वाहन की भी सघन जांच की गई।
नौ बोरों और बंडलों में छिपाकर रखा था गांजा
स्कॉर्पियो की तलाशी के दौरान वाहन की बीच वाली सीट के नीचे और पिछले हिस्से में छिपाकर रखे गए नौ बोरों एवं बंडलों से कुल 164 किलो 400 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव निवासी धीरज कुमार और ताजपुर थाना क्षेत्र के निकसपुर गांव निवासी बॉबी कुमार के रूप में हुई है।
नेपाल से गांजा लेकर बेगूसराय जा रहे थे आरोपित
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वे नेपाल से गांजे की खेप लेकर फुलपरास और झंझारपुर के रास्ते बेगूसराय के जीरो माइल जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और नेपाल से मादक पदार्थ की खेप किसके माध्यम से भारतीय क्षेत्र में पहुंचाई जा रही थी।
कांड दर्ज, तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में लौकहा थाना में कांड संख्या 270/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और जब्त मोबाइल फोन की जांच के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का प्रयास है कि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपितों तक भी पहुंचा जा सके।
Kosi Live की रिपोर्ट