Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:अंतरराज्यीय बिजली तार चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 किलोमीटर तार चोरी; 12 क्विंटल तार के साथ एक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 15, 2026

BIHAR:अंतरराज्यीय बिजली तार चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 किलोमीटर तार चोरी; 12 क्विंटल तार के साथ एक गिरफ्तार

किशनगंज में अंतरराज्यीय बिजली तार चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 किलोमीटर तार चोरी; 12 क्विंटल तार के साथ एक गिरफ्तार

किशनगंज: बिहार के किशनगंज में बिजली के तारों की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर करीब 12 क्विंटल चोरी के बिजली के तार बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद किशनगंज के साथ-साथ अररिया और पूर्णिया में सक्रिय गिरोह के अन्य सदस्यों में हड़कंप मचा हुआ है।

9 किलोमीटर तक काट ले गए थे बिजली के तार

मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ-1 खुसरु सिराज ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को विद्युत आपूर्ति प्रशाखा ग्रामीण के कनीय विद्युत अभियंता शक्ति कुमार ने किशनगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोरों ने करीब 9 किलोमीटर की दूरी में लगी 11 केवी और एलटी लाइन के बिजली के तार चोरी कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए किशनगंज थाना कांड संख्या 1242/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136/137 के तहत जांच शुरू की गई।

तकनीकी अनुसंधान से एक आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर आशिक रजा (24 वर्ष), पिता मतीबुर रहमान, निवासी खाड़ी बस्ती, महिनगांव को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 12 क्विंटल चोरी के बिजली के तार बरामद किए हैं।

अररिया और पूर्णिया के अपराधियों के भी शामिल होने का खुलासा

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने कई अहम जानकारियां दी हैं। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह में किशनगंज के अलावा अररिया और पूर्णिया जिले के अपराधी भी शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

इस सफल अभियान में एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज, किशनगंज थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला आसूचना इकाई के पदाधिकारी और किशनगंज थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।

Kosi Live की रिपोर्ट