अररिया: अररिया रजिस्ट्री ऑफिस के मोहर्रिर के मुंशी अमित भगत हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर डीएसपी सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने कुर्साकांटा और कुआड़ी थाना पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी कर लाइनर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह अवैध संबंध को लेकर पुरानी रंजिश सामने आई है।
लाइनर, साजिशकर्ता और पिकअप चालक गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में पिकअप चालक बृजलाल सिंह, हत्या की साजिश में शामिल लक्ष्मण सिंह और लाइनर की भूमिका निभाने वाले अरुण सिंह को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
डीएसपी सुशील कुमार ने आधिकारिक बयान में बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि मृतक अमित भगत और मुख्य आरोपी पैक्स अध्यक्ष सुनील सिंह के बीच उसकी सरहज के साथ कथित अवैध संबंध को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
बाइक छीनकर नेपाल सीमा की ओर भागा मुख्य आरोपी
स्थानीय और पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी पैक्स अध्यक्ष सुनील सिंह ने एक व्यक्ति की बाइक जबरन छीन ली और नेपाल सीमा की ओर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि सीमा के पास बाइक छोड़कर वह नेपाल में प्रवेश कर गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
वहीं, घटना के बाद जिस बाइक से आरोपी भागे थे, उसके मालिक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। हालांकि, फोरेंसिक जांच के लिए पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में रखा है।
कुआड़ी थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मृतक के भाई अमर भगत के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले का अनुसंधान किया जा रहा है।
देर रात मृतक के घर पहुंचे सांसद प्रदीप कुमार सिंह
घटना की सूचना मिलने के बाद सांसद प्रदीप कुमार सिंह शनिवार देर रात पहुंसी स्थित मृतक अमित भगत के घर पहुंचे। उन्होंने मृतक की मां और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
सांसद ने कहा कि इस घटना से वह स्तब्ध हैं। उन्होंने बताया कि अमित भगत और पैक्स अध्यक्ष सुनील सिंह आपस में रिश्तेदार हैं और एक ही समाज से आते हैं। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा चुकी है।
गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।
Kosi Live की रिपोर्ट