Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:मोबाइल पर 4 महीने पहले शुरू हुई बातचीत प्यार में बदली, प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा; मंदिर में कराई शादी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, November 2, 2026

BIHAR:मोबाइल पर 4 महीने पहले शुरू हुई बातचीत प्यार में बदली, प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा; मंदिर में कराई शादी

मोबाइल पर 4 महीने पहले शुरू हुई बातचीत प्यार में बदली, प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा; मंदिर में कराई शादी

बांका। जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां करीब चार महीने पहले मोबाइल फोन पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंच गया। हालांकि, इस दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई और लोगों ने उसे पकड़ लिया। बाद में ग्रामीणों और परिजनों की पहल पर दोनों की शादी करा दी गई।

मामला अमरपुर प्रखंड की सोभानपुर पंचायत अंतर्गत किशनपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, अमरपुर नगर पंचायत क्षेत्र के बीदनचक निवासी सुरेश मंडल उर्फ सीलधर मंडल के 21 वर्षीय पुत्र साजन कुमार और किशनपुर गांव की 19 वर्षीय युवती पूजा के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था।

मोबाइल पर बातचीत से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

बताया जाता है कि करीब चार महीने पहले दोनों के बीच मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत शुरू हुई थी। शुरुआत में दोनों सामान्य बातचीत करते थे, लेकिन धीरे-धीरे एक-दूसरे के करीब आते गए। बातचीत का सिलसिला बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरा होता चला गया।

प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ा

रविवार शाम साजन कुमार अपनी प्रेमिका पूजा से मिलने किशनपुर गांव पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और मामले की जानकारी परिजनों को दी।

बाद में दोनों को बेला गांव स्थित नौलखा मंदिर ले जाया गया, जहां दोनों की सहमति से शादी करा दी गई। इस तरह चार महीने पहले मोबाइल पर शुरू हुई प्रेम कहानी वैवाहिक रिश्ते में बदल गई।

पिता ने बताई पूरी बात, थानाध्यक्ष ने जताई अनभिज्ञता

युवती के पिता मुकेश कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री को मोबाइल पर किसी से बातचीत करते सुना था। इस संबंध में पूछताछ करने पर दोनों घर से फरार हो गए थे। बाद में कुछ नजदीकी लोगों ने दोनों को पकड़कर इसकी सूचना दी। इसके बाद दोनों की खुशी-राजी से शादी करा दी गई।

वहीं, मामले को लेकर अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है।

कोशी लाइव मधेपुरा से पप्पू मेहता की रिपोर्ट