Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, 14 गिरफ्तार; 47 लीटर से अधिक शराब बरामद, फरार आरोपित भी दबोचे गए - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, November 2, 2026

मधेपुरा में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, 14 गिरफ्तार; 47 लीटर से अधिक शराब बरामद, फरार आरोपित भी दबोचे गए

मधेपुरा में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, 14 गिरफ्तार; 47 लीटर से अधिक शराब बरामद, फरार आरोपित भी दबोचे गए
मधेपुरा। जिले में शराब और सूखे नशे के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। समाहर्ता के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी, वाहन जांच, दवा दुकानों की तलाशी और ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। इस अभियान के दौरान अवैध विदेशी एवं देशी शराब बरामद करने के साथ कुल 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

स्टेडियम, कॉलेज चौक और अस्पताल परिसर सहित कई जगहों पर छापेमारी

मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने स्टेडियम के समीप, कॉलेज चौक, सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बुडको मैदान, यूनिवर्सिटी चौक, सदर अस्पताल परिसर सहित जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया।

इसके अलावा प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। दवा दुकानों में भी विशेष तलाशी अभियान चलाकर नशे से जुड़ी अवैध गतिविधियों की जांच की गई।

बिहारीगंज और मुरलीगंज में शराब बरामद, चार गिरफ्तार

अभियान के दौरान बिहारीगंज थाना क्षेत्र के कुमारपुर, वार्ड नंबर-03 में छापेमारी कर करीब 25.350 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में सुमन कुमार को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, मुरलीगंज थाना क्षेत्र के जोरगामा तमौत परसा के पास छापेमारी कर करीब 18 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की गई। इस मामले में संजय कुमार और सुनील ऋषिदेव को गिरफ्तार किया गया।

इसी थाना क्षेत्र में तमौत परसा से घुड़गांव जाने वाली सड़क पर छापेमारी के दौरान करीब 4 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की गई। यहां से राजू कुमार को गिरफ्तार किया गया।

दो फरार आरोपित भी गिरफ्तार

मधेपुरा थाना क्षेत्र में भी विभाग ने कार्रवाई करते हुए पूर्व से फरार चल रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। मनहरा, वार्ड नंबर-10 से राहुल कुमार और सुखासन चकला, वार्ड नंबर-03 से राजेश मंडल को गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध विधिसम्मत अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब पीने के आरोप में 8 गिरफ्तार

छापेमारी और बरामदगी के अलावा विभाग ने ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से भी जांच अभियान चलाया। श्वास विश्लेषण के दौरान शराब सेवन करने के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इस प्रकार पूरे विशेष अभियान के दौरान कुल 14 अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। विभाग की कार्रवाई में 25.350 लीटर विदेशी शराब और करीब 22 लीटर देशी चुलाई शराब सहित कुल 47.350 लीटर शराब बरामद की गई।

नशे के खिलाफ अभियान जारी रखने का प्रशासन का निर्देश

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जाएगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

प्रशासन ने कहा है कि मधेपुरा को नशामुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कोशी लाइव मधेपुरा से पप्पू मेहता की रिपोर्ट