अररिया। जिले में सूखे नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अररिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के निर्देश पर शनिवार और रविवार को जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 332.32 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपित मौके से फरार हो गया।
इस मामले में अनुमंडल पुलिस कार्यालय, अररिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मैनुअल इनपुट और सर्विलांस के आधार पर यह अभियान चलाया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर नशे के कारोबार से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है।
एसडीपीओ ने बताया कि पिछले महीने केवल अररिया अनुमंडल क्षेत्र से करीब 2200 ग्राम स्मैक बरामद की गई थी। पुलिस का मानना है कि इस कारोबार से जुड़े नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
बंगाल से स्मैक की खेप लेकर आ रहा तस्कर एनएच-27 पर गिरफ्तार
पहली कार्रवाई एक नवंबर को नगर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से स्मैक की खेप लेकर एक व्यक्ति अररिया जीरोमाइल होते हुए फारबिसगंज की ओर जाने वाला है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने एनएच-27 पर एकराम बाबू पेट्रोल पंप से करीब 50 मीटर उत्तर छापेमारी की।
इस दौरान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के बेशनाबनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दाऊद मंडल टोला निवासी अकबर अली (50), पिता स्वर्गीय माजिद अली को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 194.74 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ और एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ।
इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में पुलिस पदाधिकारी श्वेता कुमारी, सतीश कुमार झा, पुष्कर कुमार सिंह और डीआईयू टीम के सदस्य शामिल थे।
घर से चल रहा था नशे का कारोबार, 111 ग्राम स्मैक के साथ एक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई पलासी थाना क्षेत्र के चरेबना गांव के वार्ड संख्या-1 में की गई। पुलिस को 31 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि रजाबुल उर्फ ठोकना और तजेमुल द्वारा स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान तजेमुल (35), पिता मोहम्मद हातीम को उसके घर से 111 ग्राम मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, पुलिस की भनक लगते ही रजाबुल उर्फ ठोकना मौके से फरार हो गया।
इस मामले में पलासी थाना कांड संख्या 451/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार यादव, श्यामा सिंह, मनीष कुमार, सिपाही नवीन कुमार, कन्हैया कुमार तथा गृहरक्षक लक्ष्मी प्रसाद मंडल एवं पूजा कुमारी शामिल थीं।
ताराबाड़ी में पूर्व से एनडीपीएस मामले का आरोपित गिरफ्तार
तीसरी कार्रवाई ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस ने पटेगना वार्ड संख्या-1 निवासी विकास विश्वास उर्फ विकास कुमार यादव (30), पिता रामानंद यादव को गिरफ्तार किया। उसके पास से 26.58 ग्राम स्मैक और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।
इस मामले में ताराबाड़ी थाना कांड संख्या 182/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विकास विश्वास के विरुद्ध पहले से भी ताराबाड़ी थाना कांड संख्या 71/26 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
नशे के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी पुलिस
तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब नशे की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्मैक की खेप कहां से मंगाई जाती थी और जिले में किन-किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जाती थी।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोशी लाइव मधेपुरा से पप्पू मेहता की रिपोर्ट