भागलपुर/नवगछिया: बिहार में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बाइक सवार दो तस्करों को 1.126 किलोग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि तस्करों ने स्मैक को हेलमेट के अंदर छिपाकर रखा था। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल नंबर की एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति स्मैक लेकर नवगछिया के रास्ते नारायणपुर की ओर जाने वाले हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक नवगछिया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम को संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान कर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मकंदपुर चौक पर वाहन जांच में पकड़े गए दोनों तस्कर
पुलिस टीम ने मकंदपुर चौक के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पूर्णिया की ओर से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बाइक सवारों के हेलमेट की जांच की गई, जिसमें छिपाकर रखी गई 1.126 किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूहुल मोमिन और अजीत मोमिन के रूप में हुई है।
मालदा से स्मैक लेकर खगड़िया जा रहे थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल के मालदा से स्मैक लेकर खगड़िया जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और मादक पदार्थ की आपूर्ति किसे की जानी थी।
इस मामले में गोपालपुर थाना में कांड संख्या 396/26 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है। वहीं, गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पांच महीने में चार किलो स्मैक बरामद, 33 आरोपी गिरफ्तार
नवगछिया पुलिस के अनुसार, पिछले पांच महीनों में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल चार किलोग्राम स्मैक बरामद की गई है। इस दौरान नशे के कारोबार में संलिप्त 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सूखे नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का गठन किया गया है। यह टीम लगातार गुप्त सूचनाएं जुटाकर छापेमारी और कार्रवाई कर रही है।
पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Kosi Live की रिपोर्ट