कोडरमा/मधेपुरा। झारखंड के कोडरमा घाटी में शुक्रवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे दूसरे ट्रक से जा भिड़ी और उसके पीछे फंस गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के बंदरचुवां स्थित नौवां माइल के पास हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
### पिता, बेटा और दो बच्चे घायल
हादसे में घायल लोगों की पहचान मोहन भगत, उनके बेटे अरविंद भगत, अरविंद के 7 वर्षीय बेटे शिवांश राज और बेटी आशिका कुमारी के रूप में हुई है। घटना के समय अरविंद स्कॉर्पियो चला रहे थे, जबकि उनके पिता आगे की सीट पर बैठे थे।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से बाहर निकाला गया। इसके बाद निजी वाहन से सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
### चाईबासा से छठ मनाने मधेपुरा आ रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, भगत परिवार झारखंड के चाईबासा से बिहार के मधेपुरा छठ पर्व मनाने आ रहा था। इसी दौरान कोडरमा घाटी में उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। परिवार के साथ अरविंद की पत्नी और बच्चे भी सफर कर रहे थे।
### हादसे के दौरान खाई में पलटी मैजिक गाड़ी
इस दुर्घटना के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक मैजिक गाड़ी भी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हालांकि, उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
### पुलिस ने चारों वाहन जब्त किए
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल चारों वाहनों को जब्त कर लिया है। साथ ही ट्रक चालकों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद परिवार के छठ पर्व की खुशियां मातम और चिंता में बदल गईं।
Kosi Live की रिपोर्ट