Kosi Live-कोशी लाइव खगड़िया में 328 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, मालवाहक वाहन और टाटा टिगोर कार जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 15, 2026

खगड़िया में 328 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, मालवाहक वाहन और टाटा टिगोर कार जब्त

खगड़िया में 328 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, मालवाहक वाहन और टाटा टिगोर कार जब्त

खगड़िया: शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मुफस्सिल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एनएच-31 पर वाहन जांच के दौरान 328.32 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से शराब ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे एक तीन पहिया मालवाहक वाहन, एक टाटा टिगोर कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, डीआईयू टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंगेर से परबत्ता की ओर शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। शराब से लदे मालवाहक वाहन को एक सफेद रंग की टाटा टिगोर कार आगे-आगे चलकर लाइनर दे रही थी।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस ने थाना के सामने एनएच-31 पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध कार और मालवाहक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार सवार प्रदुमन कुमार और रुपेश कुमार के साथ मालवाहक वाहन चालक नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

वाहन की तलाशी लेने पर 38 कार्टून में रखी कुल 328.32 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार तीनों आरोपी खगड़िया जिले के निवासी बताए गए हैं।

इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 155/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

छापेमारी अभियान में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रजनीश कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Kosi Live की रिपोर्ट